HomeUncategorizedबटावली में केमिकल फैक्ट्री की दुर्गंध से ग्रामीण परेशान

बटावली में केमिकल फैक्ट्री की दुर्गंध से ग्रामीण परेशान

अर्जुन देशवाल

नित्य संदेश, बहसूमा। क्षेत्र के ग्राम बटावली में संचालित केमिकल फैक्ट्री से निकलने वाली तेज दुर्गंध को लेकर ग्रामीणों की शिकायत पर रविवार दोपहर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम व तहसीलदार मवाना निरंकार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और फैक्ट्री से निकलने वाले दुर्गंध की जांच कराने का आश्वासन दिया।

वहीं, ग्रामीणों की मौजूदगी में फैक्ट्री संचालक के बड़े भाई संजय मलिक ने फैक्ट्री को हमेशा के लिए बंद करने की बात कही।जानकारी के अनुसार, ग्राम बटावली में पिछले कई वर्षों से केमिकल फैक्ट्री संचालित है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से फैक्ट्री से तेज और अजीब तरह की दुर्गंध आ रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि दुर्गंध के कारण उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत होती है। इस संबंध में ग्रामीण कई दिनों से फैक्ट्री संचालक कर्मेंद्र मलिक से फैक्ट्री बंद करने की मांग कर रहे थे।

ग्रामीणों के अनुसार, फैक्ट्री संचालक दुर्गंध की शिकायतों को नकारते हुए फैक्ट्री बंद करने की मांग का विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर शनिवार शाम फैक्ट्री के पास रहने वाले ग्रामीणों और फैक्ट्री संचालक के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फैक्ट्री संचालक को हिरासत में ले लिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाली तेज दुर्गंध के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराकर फैक्ट्री बंद कराने की मांग की।

रविवार दोपहर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम, तहसीलदार मवाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि फैक्ट्री से निकलने वाली विषैली गैस की दुर्गंध और उससे संबंधित प्रदूषण की जांच कराई जाएगी। जांच पूरी होने तक फैक्ट्री संचालक को फैक्ट्री बंद रखने के लिए कहा गया है।

इस दौरान ग्रामीणों की मौजूदगी में फैक्ट्री संचालक के बड़े भाई संजय मलिक ने सार्वजनिक रूप से कहा कि वह फैक्ट्री को स्थायी रूप से बंद करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि फैक्ट्री के कारण ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़े।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

तहसीलदार मवाना निरंकार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने केमिकल फैक्ट्री से तेज दुर्गंध आने की शिकायत की है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने फैक्ट्री व ग्रामीणों के नलों से पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे है।मामले की जांच की जा रही हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी बिना एनओसी फैक्ट्री संचालित नहीं होने दी जाएगी फिलहाल फैक्ट्री बंद करा दी गई है।

15 परिवारों के पानी पर सवाल

वही ग्राम प्रधान गुरूवचन के आवास पर एकत्रित ग्रामीणों ने आरोप लगाया की फैक्ट्री से निकलने वाली दुर्गंध के कारण उन्हें परेशानी हो रही है आसपास के करीब 15 परिवारों के नलों का पानी भी खराब हो गया है ग्रामीणों ने फैक्ट्री संचालक पर केमिकल युक्त पानी को जमीन में छोड़ने का आरोप लगाते हुए भूजल दूषित होने की आशंका जताई है उन्होंने फैक्ट्री को स्थाई रूप से बंद कराने की मांग की है।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments