नित्य संदेश ब्यूरो
गंगानगर (मेरठ)। कसेरूखेड़ा में दशहरा पर्व को लेकर उत्साह चरम पर है। श्री रामलीला दशहरा कमेटी कसेरूखेड़ा की ओर से आयोजित दशहरा मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को मवाना रोड स्थित सेना के मैदान में आयोजित होने वाले मेले में 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रावण के पुतले की दहकती लाल आंखें, रोबदार चेहरा और तलवार से निकलती चिंगारियां दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मेला अध्यक्ष विनोद सोनकर ने बताया कि दशहरा मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार देर रात तक रावण के विशाल पुतले को मैदान में खड़ा कर दिया गया। मेले में लघु नाटिका के माध्यम से भगवान श्रीराम की लीला का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही डांस ग्रुप द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक के पुख्ता इंतजाम
कमेटी महामंत्री शक्ति राज सिंह ने कहा कि मेले में आने वाले दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। रावण के पुतले की सुरक्षा के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं। मेले में दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को स्थान आवंटित कर दिया गया है। वहीं, आसपास के गांवों से आने वाले लोगों की सुविधा के लिए वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि मेले में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
पर्यावरण संरक्षण का भी रखा ध्यान
मेला अध्यक्ष विनोद सोनकर ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए रावण के पुतले का निर्माण इस तरह किया गया है कि उसके दहन से प्रदूषण कम से कम हो। पुतले के निर्माण में कन्हैया लाल, आनंद भाई, जयप्रकाश ,राकेश और नंदकिशोर मीणा सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया है।
मंत्री दिनेश खटीक और विधायक अमित अग्रवाल रहेंगे मौजूद
दशहरा मेले का उद्घाटन समाजसेविका सोनू कैलाशी करेंगी। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश खटीक और मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दोनों अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। विशेष अतिथियों में नीरज मित्तल, सुमित शर्मा और रंजन शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे।
समिति के सदस्यों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
मेले को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। समिति के संरक्षक ज्ञान दीक्षित और पुष्पेंद्र शर्मा सहित कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार, कुणाल दीक्षित, रामगोपाल, मनीष कुमार, गंगाराम, मनोज यादव, जियालाल, सत्यप्रकाश, नितिन अनुराग रीना शर्माअरुण कुमार , नितिन वर्मा और गोल्डी सहित अन्य सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हैं।
कार्यक्रम का मंच संचालन संजय कुमार और कवि सुल्तान करेंगे। मेले की मीडिया संबंधी जिम्मेदारी वरिष्ठ पत्रकार पारस गुप्ता, शिव कुमार शर्मा और राजन सोनकर संभाल रहे हैं।
कसेरूखेड़ा का यह दशहरा मेला धार्मिक आस्था, रामलीला मंचन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संगम के रूप में आयोजित होगा। 80 फीट ऊंचे रावण के दहन को देखने के लिए आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।


