गुलाम नबी
नित्य संदेश, किठौर। पुलिस ने लूटपाट की झूठी सूचना का खुलासा किया है। कथित रूप से लूटा गया अधिकांश सामान घर में ही बक्से में छिपा हुआ बरामद हुआ है। पुलिस ने झूठी सूचना देने वाली महिला के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को चौकी शाहजहांपुर को ग्राम नित्यानंदपुर में 3 अज्ञात व्यक्तियों द्वारा घर में घुसकर मारपीट व लूट की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को मुनेश पत्नी नरेंद्र उर्फ गुड्डू निवासी ग्राम नित्यानंदपुर ने तहरीर देकर आभूषण, 50 हजार रुपये नकद, सऊदी अरब की मुद्रा व पासबुक लूटे जाने की बात कही। पुलिस ने घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की, लेकिन लूट की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद शिकायतकर्ता के घर की तलाशी ली गई तो हार को छोड़कर लूटा बताया गया शेष सारा सामान घर में रखे बक्से के अंदर अलग-अलग पोटलियों में रखा मिला। बरामद सामान की पहचान मौके पर शिकायतकर्ता की ननद ने की, जिसे परिजनों की इच्छा पर नियमानुसार सुपुर्द कर दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कथित लूटा गया हार कस्बा किठौर के एक ज्वैलर्स के यहां गिरवी रखा गया है।
प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद और दहेज के सामान को लेकर मतभेद की बात सामने आई है। आरोप है कि इसी कारण महिला ने सामान छिपाकर लूट की मिथ्या सूचना पुलिस को दी। इस संबंध में मुनेश पत्नी नरेंद्र उर्फ गुड्डू के विरुद्ध धारा 217/318(2)/248क बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


