Home Blog Page 2

भारत माता की आरती के साथ राष्ट्रीय वैदिक हिंदू संगठन भारत के मेरठ महानगर कार्यालय का शुभारंभ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। दुर्गा नवमी के पावन अवसर पर सोमवार को राष्ट्रीय वैदिक हिंदू संगठन भारत की मेरठ महानगर शाखा के कार्यालय का भव्य शुभारंभ किया गया। संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक विकास त्यागी ने नारियल फोड़कर कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वैदिक यज्ञ एवं भारत माता की आरती के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।

संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष शीतल गहलोत ने कहा कि ‘राष्ट्रीय सर्वोपरि’ के संकल्प को साकार करना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। मां भारती के प्रति प्रत्येक भारतीय की भूमिका सुनिश्चित करने, राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में जनभागीदारी बढ़ाने तथा राष्ट्रहित के कार्यों को गति देने के उद्देश्य से मेरठ महानगर कार्यालय की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि संगठन शीघ्र ही वर्षभर की कार्ययोजनाओं की सूची जारी करेगा, जिसके माध्यम से विभिन्न गतिविधियों को योजनाबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव रवि रस्तोगी ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। समारोह के समापन पर उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक रूप से भारत माता की आरती की तथा संगठन के आगामी कार्यों के लिए विधिवत सत्र प्रारंभ किया।इस अवसर पर रामवीर सोम, रिद्धिमा सिंह, विजेंद्र मुद्गल, हर्षित शर्मा, नवल सोम, अजय कुमार एवं रजनी कुशवाहा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यालय के शुभारंभ समारोह में सैकड़ों सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कसेरूखेड़ा में आज 80 फीट ऊंचे रावण का होगा दहन, दहकती आंखें और तलवार से निकलती चिंगारियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

नित्य संदेश ब्यूरो

गंगानगर (मेरठ)। कसेरूखेड़ा में दशहरा पर्व को लेकर उत्साह चरम पर है। श्री रामलीला दशहरा कमेटी कसेरूखेड़ा की ओर से आयोजित दशहरा मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को मवाना रोड स्थित सेना के मैदान में आयोजित होने वाले मेले में 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रावण के पुतले की दहकती लाल आंखें, रोबदार चेहरा और तलवार से निकलती चिंगारियां दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

मेला अध्यक्ष विनोद सोनकर ने बताया कि दशहरा मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार देर रात तक रावण के विशाल पुतले को मैदान में खड़ा कर दिया गया। मेले में लघु नाटिका के माध्यम से भगवान श्रीराम की लीला का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही डांस ग्रुप द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।

सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक के पुख्ता इंतजाम
कमेटी महामंत्री शक्ति राज सिंह ने कहा कि मेले में आने वाले दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। रावण के पुतले की सुरक्षा के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं। मेले में दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को स्थान आवंटित कर दिया गया है। वहीं, आसपास के गांवों से आने वाले लोगों की सुविधा के लिए वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि मेले में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

पर्यावरण संरक्षण का भी रखा ध्यान
मेला अध्यक्ष विनोद सोनकर ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए रावण के पुतले का निर्माण इस तरह किया गया है कि उसके दहन से प्रदूषण कम से कम हो। पुतले के निर्माण में कन्हैया लाल, आनंद भाई, जयप्रकाश ,राकेश और नंदकिशोर मीणा सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया है।

मंत्री दिनेश खटीक और विधायक अमित अग्रवाल रहेंगे मौजूद

दशहरा मेले का उद्घाटन समाजसेविका सोनू कैलाशी करेंगी। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश खटीक और मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दोनों अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। विशेष अतिथियों में नीरज मित्तल, सुमित शर्मा और रंजन शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे।

समिति के सदस्यों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
मेले को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। समिति के संरक्षक ज्ञान दीक्षित और पुष्पेंद्र शर्मा सहित कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार, कुणाल दीक्षित, रामगोपाल, मनीष कुमार, गंगाराम, मनोज यादव, जियालाल, सत्यप्रकाश, नितिन अनुराग रीना शर्माअरुण कुमार , नितिन वर्मा और गोल्डी सहित अन्य सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हैं।
कार्यक्रम का मंच संचालन संजय कुमार और कवि सुल्तान करेंगे। मेले की मीडिया संबंधी जिम्मेदारी वरिष्ठ पत्रकार पारस गुप्ता, शिव कुमार शर्मा और राजन सोनकर संभाल रहे हैं।
कसेरूखेड़ा का यह दशहरा मेला धार्मिक आस्था, रामलीला मंचन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संगम के रूप में आयोजित होगा। 80 फीट ऊंचे रावण के दहन को देखने के लिए आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

कुसुम, ट्रांसलम और रुद्रा इंटरनेशनल ने जीते मैच

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में चल रहे प्रथम चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोलियल ऑल इंडिया इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को चार मैच हुए। इसमें कुसमपब्लिक स्कूल, ट्रांसल और रुद्रा इंटरनेशनल की टीम ने मैच जीते।

पहले मैच में जीटीबी इंटर स्कूल दिल्ली रोड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.4 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए। किरत ने 53 रन बनाए। गेंदबाजी में अविरज ने तीन, कुनाल ने तीन, अक्ष ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुसुम पब्लिक स्कूल की टीम ने 16.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 110 रन बनाकर मैच जीता। टीम की ओर से अक्ष ने 26, अहरहा ने 15 रन बनाए। गेंदबाजी में किरत ने दो, हार्दिक ने दो विकेट लिए।

दूसरे मैच में कुसुम पब्लिक स्कूल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 36 रन बनाए। गेंदबाजी में वीर ने 4, आदित्य ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ट्रांसलम की टीम ने एक विकेट के नुकसान पर यह लक्ष्य प्राप्त कर लिया। कार्तिक ने 31 रन बनाए। प्लेयर ऑफ द मैच वीर रहे।

तीसरे मैच में जीटीबी की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 40 रन ही बना सकी। गेंदबाजी में रनदीप ने 3, लविश ने दो, अरनव ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रुद्रा इंटरनेशनल की टीम ने 10वें ओवर में एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। इसमें साद ने 17 रन बनाए।

चौथे मैच में ट्रांसलम की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.1 ओवर में 109 रन ही बना सकी। इसमें कार्तिक ने 43, शौर्य ने 14 रन बनाए। गेंदबाजी में लविश ने 4 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुद्रा की टीम ने 18.2 ओवर में 4 विकेट पर 110 रन बनाकर जीत प्राप्त की। इसमें साद ने 26, रनदीप ने 30 रन बनाए। मुख्य अतिथि डॉ. गोपाल दीक्षित ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मैच के बाद सभी टीम के खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि मंगलवार को 10 से 13 साल के वर्ग में फाइनल मैच ऋषभ व रुद्रा स्कूल के बीच होगा।

पालकी में सवार होकर निकलीं मां दुर्गा, परीक्षितगढ़ में निकली विशाल शोभायात्रा

रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़ (मेरठ)। श्री दुर्गा जागरण मण्डल के तत्वावधान में विशाल दुर्गा शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। इससे पूर्व दुर्गा जागरण मण्डल एवं कात्यायनी सेवा समिति द्वारा मां कात्यायनी का पूजन, श्रृंगार और अभिषेक किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ चेयरमैन हिटलर त्यागी ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि परीक्षितगढ़ रामायण-महाभारत काल की ऐतिहासिक नगरी है और ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी पहचान हैं।

पालकी में सजी मां दुर्गा की मुख्य झांकी के साथ श्री गणेश, नवदुर्गा, भैरव-हनुमान, खाटू श्याम, राम-लक्ष्मण-सीता, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, भारत माता, स्वच्छ भारत मिशन सहित 15 से अधिक झांकियां शामिल रहीं। गांधार दरवाजा, भगत सिंह चौक, मुख्य बाजार, शिव चौक, मवाना स्टैंड, किठौर बस स्टैंड होते हुए यात्रा मंदिर पर संपन्न हुई। मार्ग में बैंड-बाजे, शहनाई, भजन मंडली और डीजे पर भक्त नाचते-गाते चल रहे थे। जगह-जगह पुष्प वर्षा, भंडारे और स्टाल लगाकर श्रद्धालुओं ने सेवा की। कार्यक्रम में अखिल विद्या समिति, कात्यायनी सेवा समिति, श्याम मित्र मंडल, व्यापार मंडल, रामलीला कमेटी सहित सभी सामाजिक संगठनों, पुलिस प्रशासन, नगर पंचायत व पत्रकारों का सहयोग रहा। संचालन विष्णु अवतार रुहेले ने किया।

विजयदशमी पर मेरठ में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों की नो-एंट्री रात 2 बजे तक

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ, 19 अक्टूबर। दशहरा पर्व 20 अक्टूबर को शहर में जगह-जगह लगने वाले मेलों के चलते शाम 5 बजे से पर्व समाप्ति तक विशेष यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नगर क्षेत्र में भारी/मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री रात 2 बजे तक प्रभावी रहेगी।

मुख्य डायवर्जन इस प्रकार हैं –

  • दिल्ली व हरिद्वार/मुजफ्फरनगर से आने वाली रोडवेज बसें मोदीपुरम-जीरो माइल-बेगमपुल होते हुए भैंसाली बस अड्डे आएंगी और इसी रूट से वापस जाएंगी।
  • भारी वाहन मुजफ्फरनगर से हापुड़/गढ़ जाने के लिए मोदीपुरम-सदरधना फ्लाईओवर-परतापुर इंटरचेंज-खरखौदा मार्ग का प्रयोग करेंगे।
  • जेल चुंगी मेला के कारण गढ़/मुरादाबाद से मुजफ्फरनगर जाने वाली बसें डिग्गी तिराहा से तेजगढ़ी-हापुड़ अड्डा-बेगमपुल होकर जाएंगी।
  • दिल्ली रोड रामलीला ग्राउंड मेला के कारण बागपत तिराहा से दैनिक जागरण तिराहे तक दिल्ली रोड पर सभी वाहन प्रतिबंधित, वाहन बिजली बंबा बाईपास या बागपत रोड से जाएंगे।
  • सूरजकुंड, भैंसाली ग्राउंड मेला क्षेत्रों के आसपास सभी मार्गों पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डायवर्ट मार्गों का प्रयोग करें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।