
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि. (PVVNL) मुख्यालय ऊर्जा भवन, मेरठ में सोमवार को ‘संभव’ कार्यक्रम के तहत जन-सुनवाई का आयोजन किया गया। अध्यक्षता प्रबंध निदेशक श्री रवीश गुप्ता (आईएएस) ने की।
जन-सुनवाई में मेरठ ग्रामीण क्षेत्र, धामपुर, सहारनपुर सहित परतापुर, पल्लवपुरम और किठौर क्षेत्र से आए उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याएं रखीं। एमडी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित और स्थाई समाधान के निर्देश दिए।
प्रमुख शिकायतों पर कार्रवाई:
- ग्राम छज्जूपुर, मोहिउद्दीनपुर निवासी सरवचन सिंह की निजी नलकूप लाइन से आवागमन बाधित होने की शिकायत पर लाइन शिफ्ट कर मार्ग अवरोध मुक्त करने के निर्देश।
- रिजवान, फारुख और मदीना के बिजली बिलों में नाम-पते की त्रुटि सुधारने के निर्देश।
- अम्हैडा में मकानों की छतों के ऊपर से 11 केवी लाइन गुजरने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता को निष्पक्ष जांच के निर्देश।
- ग्राम अच्छरौंडा निवासी उर्मिला के 3 किलोवाट रूफटॉप सोलर कनेक्शन में नेट मीटरिंग जल्द शुरू करने और स्मार्ट मीटर कॉन्फिगरेशन अपडेट करने के निर्देश।
- लोहियानगर निवासी इरम खातून के नए कनेक्शन और मीटर उखाड़ने व बिजली चोरी जुर्माने के प्रकरणों में निष्पक्ष पुनः जांच के निर्देश।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि जन-सुनवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सीधे शीर्ष स्तर पर अपनी बात रखने का अवसर देना है। इस अवसर पर निदेशक आशु कालिया, संजय जैन, स्वतंत्र कुमार तोमर सहित मुख्य अभियंता मो. सगीर, राजेश कुमार, राजकुमार, गुरजीत सिंह, रजनीकांत मिश्र एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


