
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। बुधवार और गुरुवार को हुई तेज मूसलाधार बारिश से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खेतों में पानी भर गया, जिससे करोड़ों की फसल बर्बाद हो गई।
किसान नेता नीटू ढढरा ने बताया कि जलभराव से रबी और खरीफ दोनों फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। अकेले मेरठ के दो गांव – मल्लापुर और ढढरा में ही एक करोड़ से अधिक की फसल का नुकसान हुआ है।
मल्लापुर के किसान ऋषभ पुत्र सुरेश पाल और ढढरा गांव के धर्मपाल पुत्र हरवंश ने बताया कि उन्होंने ज्वार और सरसों की बुवाई की थी, लेकिन खेतों में पानी भरने से पूरी फसल नष्ट हो गई। किसानों का कहना है कि पहले रबी की फसल बारिश से खराब हुई थी, अब खरीफ की फसल भी बर्बाद होने से परिवार के सामने भुखमरी की नौबत आ गई है।
नीटू ढढरा ने कहा कि खेतों में भरा पानी किसानों को आत्महत्या करने पर मजबूर कर रहा है। सरकार को इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देना चाहिए ताकि किसान परिवार का भरण-पोषण कर सके।


