
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विद्या विश्वविद्यालय के होनहार छात्र अमन पंवार ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर एक बार फिर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। अमन ने 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया शूटिंग चौंपियनशिप-2026 में 400 में से 365 अंक प्राप्त किए और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शूटिंग चौंपियनशिप-2026 के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
अमन की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है। उनकी सफलता न केवल उनकी व्यक्तिगत मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है, बल्कि उभरती खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन का भी प्रमाण है। इस उपलब्धि पर विद्या विश्वविद्यालय के चांसलर प्रदीप कुमार जैन, प्रो-चांसलर विशाल जैन, कुलपति डॉ. हीरेन दोशी तथा रजिस्ट्रार विजय कुमार दुबे सहित विभिन्न विभागों के डीन एवं प्राध्यापकों ने अमन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि अमन आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे और भारतीय टीम के ट्रायल में भी अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर अमन के शूटिंग कोच एवं विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स ऑफिसर गंधर्व रस्तोगी ने बताया कि अमन पिछले डेढ़ वर्ष से अधिक समय से विद्या इंटरनेशनल स्पोर्ट्स एकेडमी में नियमित रूप से शूटिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अपने खेल कौशल, एकाग्रता और तकनीकी दक्षता में निरंतर सुधार किया है। पिछले कुछ महीनों में उन्होंने नोएडा, दिल्ली, भोपाल एवं देहरादून सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित शूटिंग प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपने प्रदर्शन को लगातार बेहतर बनाया है। उनके अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का ही परिणाम है कि आज उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई है।
अमन पंवार की यह सफलता विद्या विश्वविद्यालय एवं विद्या इंटरनेशनल स्पोर्ट्स एकेडमी की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करता रहा है। विद्या परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि अमन पंवार आगामी राष्ट्रीय शूटिंग चौंपियनशिप में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखेंगे और अपनी उपलब्धियों से विश्वविद्यालय, मेरठ एवं उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे।


