
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मेरठ-करनाल हाईवे पर गोटका गांव के पास देर रात सड़क हादसे में भारतीय वायुसेना के पूर्व जवान सचिन की मौत हो गई। वह बाइक से भट्ठे से अपने गांव जंगेठी लौट रहे थे, तभी गोटका पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल सचिन को पुलिस अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र के जंगेठी निवासी सचिन पुत्र सत्यवीर वायुसेना से सेवानिवृत्ति के बाद हाईवे पर किराए पर भट्ठा संचालित कर रहे थे। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी की मदद से वाहन की पहचान में जुटी है। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के अनुसार, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


