
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। रोहटा थाना क्षेत्र के चिंदौड़ी-अमानुल्लाहपुर मार्ग पर बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल, सतवाई / भोला झाल की स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब छह फीट गहरे खेत/खाई में पलट गई। हादसे में 15 से अधिक बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
बताया गया कि बुधवार सुबह सतवाई निवासी चालक मोमिन बस लेकर रोहटा क्षेत्र के ढढ़रा सहित अन्य गांवों से बच्चों को लेने जा रहा था। अमानुल्लाहपुर गांव के पास पहुंचते ही बस अनियंत्रित हो गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और मौके पर पहुंचे स्वजन व ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। घायल बच्चों में ढढ़रा गांव निवासी 12 वर्षीय आन्या और उसका भाई कक्षा-3 का छात्र अर्पित पवार भी शामिल है, दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज चल रहा है। घायलों को एसडीएस ग्लोबल समेत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बाकी 16 बच्चों को मरहम-पट्टी के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
एसडीएम सदर और सीएमओ ने जाना हाल
सूचना मिलते ही एसडीएम सदर और सीएमओ मेरठ ने अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। रोहटा थाना प्रभारी पूजा पवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर मुकदमा कायम किया है। ग्रामीणों ने चालक पर शराब के नशे में बस चलाने का आरोप लगाया है, हालांकि स्कूल संचालक अजय गुप्ता ने आरोपों को नकारा है।
व्यापार संघ के अध्यक्ष ने जाना हाल
वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही पल्लवपुरम-रूड़की रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष देवेंद्र चौहान अपने पदाधिकारियों के साथ एसडीएस अस्पताल पहुंचे और घायल छात्र-छात्राओं का हालचाल जाना। इस दौरान व्यापार संघ संरक्षक पूर्णचंद सैनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण सैनी, उपाध्यक्ष धीरज चावला, उपाध्यक्ष रवि खुराना, मंत्री नवीन कंसल और मीडिया प्रभारी फुरकान सैफी आदि मौजूद रहे।


