
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद की सभी विधानसभाओं के मतदेय स्थलों के संभाजन को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदेय स्थल संभाजन सूची पर प्राप्त दावे/आपत्तियों के बाद की गई कार्यवाही के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रत्येक विधानसभा वार प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों पर ईआरओ द्वारा परीक्षण के बाद की गई कार्यवाही के बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्राप्त सभी सुझावों/आपत्तियों का संबंधित ईआरओ द्वारा परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई है। मतदेय स्थल संभाजन में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आगे की कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, समस्त ईआरओ, मेरठ शहर विधायक, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


