HomeUncategorizedसुभारती में तीन दिन तक छाई ‘स्पंदन-2026’ की धूम, नृत्य-संगीत से फैशन...

सुभारती में तीन दिन तक छाई ‘स्पंदन-2026’ की धूम, नृत्य-संगीत से फैशन शो तक विद्यार्थियों ने बिखेरे रंग

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘स्पंदन-2026’ उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के साथ आयोजित किया गया। महोत्सव में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गायन, चित्रकला, रंगोली, नुक्कड़ नाटक और फैशन शो सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। तीन दिनों तक परिसर में कला, संस्कृति, रचनात्मकता और युवा ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल, कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. मित्तल, प्रो. पिंटू मिश्रा, प्रो. रविंद्र जैन, प्रो. अनोज राज, प्रो. एस.सी. तिवारी, प्रो. पंकज एवं प्रो. मनोज कपिल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि डॉ. हिमानी अग्रवाल ने विद्यार्थियों को सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. मित्तल ने कहा कि ‘स्पंदन’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों में सकारात्मकता, आत्मविश्वास, टीम भावना और रचनात्मक सोच विकसित करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने महोत्सव की सफलता के लिए सभी विद्यार्थियों, प्रतिभागियों और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।


विश्वविद्यालय सांस्कृतिक समिति की चेयरपर्सन प्रो. (डॉ.) भावना ग्रोवर ने बताया कि ‘स्पंदन’ की शुरुआत संघ माता डॉ. मुक्ति भटनागर ने की थी। महोत्सव उनकी उस सोच को आगे बढ़ा रहा है, जिसके तहत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच देने पर विशेष जोर दिया गया था। महोत्सव के पहले दिन समूह नृत्य, एकल नृत्य, फेस पेंटिंग और पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समूह नृत्य प्रतियोगिता में लोक नृत्य और गरबा की थीम पर प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। इसमें फार्मेसी विभाग ने प्रथम, फिजियोथेरेपी विभाग ने द्वितीय और इंजीनियरिंग कॉलेज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि फाइन आर्ट्स विभाग को सांत्वना पुरस्कार मिला। वेडिंग सॉन्ग्स की थीम पर आयोजित एकल नृत्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। सेमीफाइनल में 28 प्रतिभागियों में से 12 का चयन फाइनल के लिए किया गया।

प्रतियोगिता में फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स के वासु भाटी ने प्रथम, केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस के प्रियांशु ने द्वितीय तथा महर्षि अरविंद सुभारती कॉलेज एवं हॉस्पिटल ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज की अवनी चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में कथक नृत्यांगना श्रीमती दिव्या जैन और सुश्री रिया मेहरोत्रा शामिल रहीं।‘सेव एनवायरनमेंट’ थीम पर आयोजित फेस पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसमें केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस के प्रियांशु ने प्रथम, लैंग्वेज विभाग की समिया सिद्दीकी और एलाइड हेल्थ केयर की शुभांजनी सिंह ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा एलाइड हेल्थ केयर की अनुराधा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें फैकल्टी ऑफ साइंस के वंश ने प्रथम, वैभव ने द्वितीय तथा फैकल्टी ऑफ आर्ट्स एंड सोशल साइंसेज के विकास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महोत्सव के दूसरे दिन समूह गायन और एकल गायन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समूह गायन प्रतियोगिता में सुभारती कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी ने प्रथम, सुभारती इंजीनियरिंग कॉलेज ने द्वितीय तथा सुभारती साइंस कॉलेज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी मधुर आवाज, सुर और ताल से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसमें फिजियोथेरेपी कॉलेज के कुशल मिश्रा ने प्रथम, इंजीनियरिंग कॉलेज के आयुष कुमार ने द्वितीय तथा डेंटल कॉलेज की मान्या पाठक ने तृतीय स्थान हासिल किया।

महोत्सव के तीसरे दिन रंगोली, नुक्कड़ नाटक और फैशन शो प्रतियोगिताओं ने आकर्षण का केंद्र बने। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और कलात्मक डिजाइनों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। इसमें शिक्षा विभाग की अर्पिता और प्रेरणा सिंह ने प्रथम, फिजियोथेरेपी विभाग की मंतशा और मानसी ने द्वितीय तथा ललित कला विभाग की पूजा और तान्या महेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. मंजरी पाल और डॉ. विकास यादव ने किया। साइबर अपराध विषय पर आयोजित नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय और संवादों के माध्यम से साइबर सुरक्षा तथा डिजिटल जागरूकता का संदेश दिया। इसमें सुभारती इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग ने प्रथम, फिजियोथेरेपी विभाग ने द्वितीय तथा भाषा विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

फैशन शो प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक परिधानों, आत्मविश्वास और प्रभावशाली रैंप वॉक से अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शारीरिक शिक्षा विभाग ने प्रथम, फार्मेसी विभाग ने द्वितीय तथा ललित कला विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि विज्ञान विभाग को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। तीन दिवसीय ‘स्पंदन-2026’ ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नई रचनात्मक संभावनाओं को तलाशने और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का अवसर दिया। महोत्सव ने यह संदेश भी दिया कि शिक्षा के साथ कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाती हैं।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments