अशोक सोम
नित्य संदेश, मेरठ। विजयादशमी के अवसर पर सदर स्थित ऐतिहासिक दुर्गाबाड़ी मंदिर परिसर में बंगाली समुदाय की महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला का आयोजन कर मां दुर्गा को विदाई दी। लाल-सफेद साड़ियों में सजी महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर खुशियां साझा कीं और ढाक की धुन पर नृत्य करते हुए पर्व को हर्षोल्लास से मनाया।
आयोजकों के अनुसार, यह रिवाज दशकों से दुर्गाबाड़ी मंदिर में निभाया जा रहा है, जिसमें मेरठ में बसे बंगाली परिवार बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। श्रद्धालु महिलाओं ने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष प्रार्थना कर मिठाइयां वितरित कीं और अगले वर्ष पुनः आने की कामना की। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में उत्सव संपन्न हुआ।


