
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मंडलीय खादी ग्रामोद्योग महोत्सव में बुधवार शाम दिव्यांग बच्चों की नृत्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। वाणी अनुसंधान केंद्र/स्कूल के बच्चों ने अपनी कला और प्रतिभा से दर्शकों का मन मोह लिया। महोत्सव में लोगों की आवाजाही बनी रही और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों की बिक्री भी हुई। वहीं, गुरुवार को महोत्सव में खादी फैशन शो का आयोजन होगा, जिसमें मॉडल रैंप पर खादी के परिधानों को प्रदर्शित करेंगे।
अदिति, लक्ष्मी प्रिया और शगुन ने बटोरीं तालियां
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि देप्रिया ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की अल्का गुप्ता रहीं। वह लेडीज क्लब और रोटरी क्लब मोर्नाक, मेरठ की अध्यक्ष भी हैं। विशिष्ट अतिथि मेरठ महानगर उपाध्यक्ष एवं आइटी सोशल मीडिया प्रभारी सीमा श्रीवास्तव की मौजूदगी में बच्चों ने नृत्य और अन्य कलात्मक प्रस्तुतियां दीं। अल्का गुप्ता और सीमा श्रीवास्तव ने अदिति, लक्ष्मी प्रिया और शगुन का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में लोक गायिका नीता गुप्ता और आइटी सेल के सदस्य भी मौजूद रहे।
रैंप पर दिखेगी खादी की चमक
महोत्सव में गुरुवार को खादी फैशन शो आयोजित किया जाएगा। इसमें मॉडल खादी के परिधानों के साथ रैंप पर उतरेंगे। फैशन शो के माध्यम से खादी को नए अंदाज में प्रस्तुत करने और इसे आधुनिक फैशन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इन्होंने बताया
क्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि मंडलीय खादी महोत्सव का उद्देश्य खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करना और आमजन को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना है। महोत्सव में कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से इन उद्देश्यों को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है।


