- रंगोली, दीप सज्जा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पुलिस परिवार की महिलाओं व बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। रिजर्व पुलिस लाइन में वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थानीय अध्यक्षा निवि मूर्ति के कुशल निर्देशन में वामा सारथी दीपावली महोत्सव–2026 का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया।
दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों के लिए रंगोली प्रतियोगिता, दीया मेकिंग, थाली सजावट एवं ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, सृजनशीलता एवं आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से दीपावली पर्व की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत किया।

महोत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बच्चों द्वारा मनमोहक नृत्य एवं मधुर गायन की शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उत्साह, उमंग एवं उल्लास का वातावरण बना रहा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवारों के बीच आपसी सद्भाव, पारिवारिक एकजुटता, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा देना तथा महिलाओं एवं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना रहा। महोत्सव के माध्यम से पुलिस परिवारों ने दीपावली पर्व की खुशियों को सामूहिक रूप से साझा किया।
इस अवसर पर वामा सारथी की स्थानीय अध्यक्षा निवि मूर्ति, प्राची (धर्मपत्नी पुलिस अधीक्षक ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक अपराध अवनीश कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन दीक्षा भोरिया, क्षेत्राधिकारी एलआईयू अंजू, प्रतिसार निरीक्षक हरपाल सिंह, प्रभारी वेलफेयर शाखा मय कर्मचारीगण सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण तथा पुलिस परिवार की महिलाएँ एवं बच्चे उपस्थित रहे।


