
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU), मेरठ ने उच्च शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के नेतृत्व में विश्वविद्यालय और ब्रिटिश काउंसिल के बीच प्रतिष्ठित SCOUT (Scholars for Outstanding Undergraduate Talent on Subject Specific Skills) कार्यक्रम के तहत Operational Alliance Agreement पर हस्ताक्षर किए गए।
समझौते के तहत विश्वविद्यालय परिसर के प्रतिभाशाली स्नातक विद्यार्थियों को ब्रिटेन के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में दो सप्ताह के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। इसमें नेतृत्व क्षमता, शैक्षणिक एवं शोध कौशल और संचार कौशल पर विशेष फोकस रहेगा।
देश का पहला विश्वविद्यालय बना CCSU
नोडल अधिकारी प्रो. दिनेश सी. शर्मा ने बताया कि अब तक SCOUT के तहत आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल जैसे राज्यों के स्तर पर समझौते हुए हैं, जबकि सीधे ब्रिटिश काउंसिल के साथ OAA करने वाला CCSU देश का पहला विश्वविद्यालय है। इस कार्यक्रम में सामाजिक एवं आर्थिक रूप से वंचित पृष्ठभूमि के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतरराष्ट्रीयकरण के उद्देश्यों के अनुरूप है।
ब्रिटिश काउंसिल की ओर से डिप्टी डायरेक्टर इंडिया एवं एरिया डायरेक्टर नॉर्थ इंडिया शैनन वेस्ट ने हस्ताक्षर किए। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी विद्यार्थियों में वैश्विक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास विकसित करेगी। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी प्रतिभा के लिए बाधा नहीं बननी चाहिए। प्रो. दिनेश शर्मा ने इसे छात्रों के भविष्य को नई दिशा देने वाली पहल बताया। समारोह में कुलसचिव अजय कुमार यादव, प्रो. बीर पाल सिंह, सीनियर मैनेजर विशु शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


