- छोटे शहर की बेटी की बड़ी उड़ान, अब इटली में समझेगी कोशिकाओं पर ज़हर का असर
लियाकत मंसूरी
नित्य संदेश, मेरठ। लाइबा रिजवी का इटली जाना सिर्फ एक दाखिला नहीं है। इसके पीछे एक साल लंबी एक ऐसी रिसर्च है, जो उन्होंने अपने स्नातक के दौरान अपने ही घर के आस-पास की चीजों से शुरू की थी। उस रिसर्च का नाम था – “Microplastics: The Invisible Poison Around Us” यानी हमारे आस-पास मौजूद अदृश्य ज़हर।
लाइबा ने बताया कि उन्होंने अपनी परियोजना में प्लास्टिक की सिरिंज, आईवी बैग, ग्लूकोज की बोतलें, घरेलू प्लास्टिक उत्पाद और पैकेज्ड पेयजल जैसे नमूनों को शामिल किया था। इन नमूनों में सूक्ष्म प्लास्टिक के कणों को अलग करने के लिए उन्होंने निस्यंदन, सेंट्रीफ्यूजेशन और घनत्व पृथक्करण जैसी प्रक्रियाओं का इस्तेमाल किया। इसमें व्हाटमैन नंबर 1 फिल्टर पेपर, सोडियम क्लोराइड, सुक्रोज घोल, पोटैशियम परमैंगनेट और रंगाई तकनीकों का प्रयोग किया गया। इसी दौरान उन्हें समझ आया कि प्लास्टिक प्रदूषण सिर्फ पर्यावरण की समस्या नहीं है, बल्कि यह मानव स्वास्थ्य के लिए भी एक बड़ी वैज्ञानिक चिंता है। लाइबा कहती हैं, “अब मैं यह समझना चाहती हूँ कि सूक्ष्म प्लास्टिक मानव कोशिकाओं में प्रवेश करने के बाद ऑक्सीडेटिव तनाव, माइटोकॉन्ड्रिया की कार्यप्रणाली और कोशिकीय सूजन को कैसे प्रभावित करता है।”
IELTS में 7.5 बैंड, 280 में से चुनी गईं
बोलोन्या विश्वविद्यालय में चयन के लिए लाइबा ने IELTS Academic में 7.5 बैंड हासिल किए। इस कार्यक्रम के लिए दुनिया के कई देशों से करीब 280 विद्यार्थियों ने साक्षात्कार दिया था, जिनमें से सिर्फ 20 अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों का चयन हुआ। उनमें भारत से दो विद्यार्थी हैं, जिनमें एक लाइबा हैं।

इन दो प्रोफेसरों के साथ करना चाहती हैं काम
लाइबा बोलोन्या में प्रोफेसर सिल्विया फ्रान्ज़ेलित्ती के शोध कार्यों से प्रभावित हैं। उनकी प्रयोगशाला में पर्यावरणीय प्रदूषकों के मानव कोशिकाओं पर प्रभावों का आणविक और कोशिकीय स्तर पर अध्ययन किया जाता है। इसके अलावा प्रोफेसर डेनिएल फाब्ब्री का सूक्ष्म प्लास्टिक की पहचान और विश्लेषण से जुड़ा शोध भी उनकी रुचि से मेल खाता है।
पिता के 38 साल, माँ का अकेले संघर्ष
लाइबा के पिता पिछले 38 वर्षों से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में देश की सेवा कर रहे हैं। जब पिता ड्यूटी पर रहते थे, तब माँ ने गृहिणी रहते हुए तीनों भाई-बहनों की परवरिश और पढ़ाई की पूरी जिम्मेदारी अकेले संभाली। बड़ी बहन आयशा रिजवी फिजियोथेरेपी में चिकित्सक हैं। बड़े भाई शाहिब रिजवी क्रिकेटर हैं, जिन्होंने पिता की झारखंड में तैनाती के दौरान वहाँ से राज्य स्तर पर क्रिकेट खेला और अब मेरठ से खेल रहे हैं।
लौटकर इसरो में काम करने का सपना
लाइबा की पहली प्राथमिकता भारत लौटकर देश के वैज्ञानिक अनुसंधान में योगदान देना है। वे इसरो के साथ अंतरिक्ष जीव विज्ञान में और ICMR में कोशिका विज्ञान के क्षेत्र में काम करना चाहती हैं। जब परिवार को इटली में चयन की खबर मिली, तो घर में खुशी के साथ भावुक माहौल भी था। माँ को बेटी की सुरक्षा और अकेले नए देश में रहने की चिंता थी, जबकि पिता ने साहस और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। लाइबा कहती हैं, “मैं चाहती हूँ कि मेरी सफलता से मेरे माता-पिता को गर्व महसूस हो।”

दुनिया में पहचान बनाए मेरठ की बेटियां
मेरठ की बेटियों से यही कहूँगी कि अपने सपनों को कभी छोटा मत समझिए। परिस्थितियाँ चाहे कैसी भी हों, उन्हें अपनी मंज़िल की बाधा मत बनने दीजिए। मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से आगे बढ़िए, शिक्षा को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाइए। खुद पर विश्वास रखिए, तो कोई मंज़िल असंभव नहीं। मेरठ की बेटियाँ देश ही नहीं, दुनिया में अपनी पहचान बनाएँ।


