- खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम : मुख्य अतिथि संजीव बालियान
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) की आर्म रेसलिंग (महिला एवं पुरुष) चैंपियनशिप 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के सत्यजीत रे ऑडिटोरियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए खिलाड़ियों, खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों, शिक्षाविदों और विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
चैंपियनशिप में विभिन्न विश्वविद्यालयों के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी अपनी शारीरिक क्षमता, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए पदक जीतने के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी अतिथियों का पौधा भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में शिव-गणेश वंदना और राधा-कृष्ण रास नृत्य की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और खिलाड़ियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजीव बालियान ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर परिश्रम का प्रतीक हैं। खेल के मैदान में मिलने वाली जीत जहां आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है, वहीं हार भी जीवन में संघर्ष करने और अपनी कमियों को सुधारने की सीख देती है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागियों को पूरी मेहनत, सकारात्मक सोच और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन देश की खेल प्रतिभाओं को निखारने और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सुभारती विश्वविद्यालय की कुलाधिपति डॉ. स्तुति नारायण कक्कड़ ने कहा कि खेल युवाओं में आत्मबल, दृढ़ इच्छाशक्ति और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं। प्रत्येक खिलाड़ी में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की क्षमता होती है। इसके लिए निरंतर अभ्यास, सकारात्मक दृष्टिकोण और उचित मार्गदर्शन आवश्यक है। उन्होंने देशभर से आए सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और प्रतियोगिता की सफलता की कामना की।
विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. शल्या राज ने अपने संदेश में कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय के लिए यह गौरव और हर्ष का विषय है कि उसे एआईयू की राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। ये न केवल शारीरिक क्षमता को मजबूत करते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों की समान सहभागिता खेलों में समान अवसर और सशक्तिकरण का प्रतीक है। सुभारती विश्वविद्यालय शिक्षा, संस्कृति और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे खेल भावना और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।

शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू अधिकारी ने स्वागत संबोधन में सभी अतिथियों, एआईयू प्रतिनिधियों, विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय के लिए यह गौरव का विषय है कि उसे राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह चैंपियनशिप खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया।

चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और आर्म रेसलिंग को एक प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में व्यापक पहचान दिलाना है। प्रतियोगिता के माध्यम से महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को अपनी शारीरिक क्षमता, तकनीक, अनुशासन, धैर्य और खेल भावना का प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है। इसके साथ ही विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों और खेल विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर अपने अनुभवों का आदान-प्रदान करने तथा खेल के विकास की नई संभावनाओं पर आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम में एआईयू ऑब्जर्वर सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ पदाधिकारी, अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


