
नित्य संदेश ब्यूरो
परीक्षितगढ़। किशन विहार स्थित के.वी. पब्लिक स्कूल मे आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती श्रद्धा, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रांगण में महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर नमन करने के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं और उनके द्वारा रचित अमर महाकाव्य ‘रामायण’ के आदर्शों पर प्रकाश डाला।
विद्यालय प्रबंधन व शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन हमें सिखाता है कि दृढ़ संकल्प और सत्य के मार्ग पर चलकर व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है। उनका दिया हुआ ज्ञान और आदर्श समाज को समरसता, सद्भाव तथा सत्य व धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। विद्यार्थियों ने भी उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।


