वसीम अहमद
नित्य संदेश, मेरठ। लोकतंत्र में प्रेस को चौथा स्तंभ कहा जाता है। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरें प्रकाशित करना नहीं, बल्कि सत्ता और व्यवस्था से सवाल करना, आम आदमी की आवाज बनना और समाज को सच का आईना दिखाना भी है। लेकिन आज सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पत्रकार वास्तव में स्वतंत्र होकर अपनी कलम चला पा रहे हैं? क्या सच लिखने और सवाल पूछने वाले पत्रकार सुरक्षित हैं?
हर वर्ष 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है। यह दिन प्रेस की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के मूल्यों को याद करने का अवसर है। मगर मौजूदा दौर में प्रेस की स्वतंत्रता अनेक चुनौतियों से घिरी नजर आती है। कहीं खबरों को लेकर दबाव बनाया जाता है तो कहीं पत्रकारों को धमकियों और विरोध का सामना करना पड़ता है। कई बार व्यवस्था की कमियां उजागर करने वाले पत्रकारों को ही कटघरे में खड़ा कर दिया जाता है।
पत्रकार का काम किसी अधिकारी, नेता या विभाग की प्रशंसा करना नहीं, बल्कि जनता के सवालों को जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाना है। सड़क टूटी हो, अस्पताल में अव्यवस्थाएं हों, थाने में पीड़ित की सुनवाई न हो या सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी हो, तो इन मुद्दों को सामने लाना पत्रकार का अधिकार है। किसी खबर से असहमति होने पर उसका जवाब तथ्यों से दिया जाना चाहिए, न कि पत्रकार पर दबाव बनाकर उसकी आवाज दबाने का प्रयास होना चाहिए।
विज्ञापन की राजनीति और पत्रकारों की आर्थिक असुरक्षा
आज के दौर में पत्रकारिता के सामने बड़ी चुनौती है कि सभी को खबर छपवाने और अपनी बात जनता तक पहुंचाने के लिए लोगों को पत्रकार याद आते हैं, लेकिन जब बात पत्रकार के सम्मान, सहयोग और अधिकारों की आती है तो कई लोग खामोश हो जाते हैं। खासकर छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले पत्रकार सीमित संसाधनों में दिन-रात मेहनत करते हैं। इसके बावजूद उन्हें सुरक्षा और सम्मान जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता है।
डिजिटल युग में सोशल मीडिया ने खबरों को तेजी से लोगों तक पहुंचाने का माध्यम दिया है, लेकिन फर्जी खबरों और अपुष्ट सूचनाओं ने पत्रकारिता की विश्वसनीयता के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। ऐसे में निष्पक्षता, सबूतों की पुष्टि और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों को बनाए रखना पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है।
सरकार और प्रशासन को समझना होगा कि आलोचना लोकतंत्र की कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी मजबूती है। पत्रकार किसी व्यवस्था का दुश्मन नहीं होता बल्कि उसकी कमियों को सामने लाकर सुधार का रास्ता दिखाता है। सवाल पूछना उसका अपराध नहीं बल्कि जनता के प्रति उसकी जिम्मेदारी है।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस केवल बधाई और कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसके लिए विचार करने का अवसर होना चाहिए कि पत्रकारों की स्वतंत्रता, सुरक्षा और सम्मान के लिए वास्तव में क्या किया जा रहा है। याद रखना होगा कि जिस दिन पत्रकार सवाल पूछना छोड़ देंगे, उस दिन लोकतंत्र की एक मजबूत आवाज कमजोर पड़ जाएगी। प्रेस की स्वतंत्रता किसी सरकार या अधिकारी की मेहरबानी नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बुनियादी जरूरत है।
कलम की ताकत बची रहनी चाहिए, क्योंकि स्वतंत्र पत्रकारिता ही जनता की आवाज और लोकतंत्र की असली पहचान है।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर उन सभी पत्रकारों को सलाम, जो तमाम दबावों और चुनौतियों के बावजूद सच लिखने और जनता की आवाज बनने का साहस रखते हैं।


