नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आज सुबह मेरठ के आसमान में खगोल विज्ञान की एक बेहद खूबसूरत घटना देखने को मिली। सौरमंडल के दो प्रमुख ग्रह मंगल और बृहस्पति एक-दूसरे के बेहद करीब नजर आए। खास बात यह रही कि इस अद्भुत खगोलीय नजारे को देखने के लिए किसी दूरबीन या विशेष उपकरण की आवश्यकता नहीं थी। साफ आसमान में दोनों ग्रहों को नंगी आंखों से देखा जा सकता था।
16 नवंबर को मंगल और बृहस्पति के बीच आकाश में कोणीय दूरी घटकर लगभग 1.2 डिग्री रह गई। इस खगोलीय घटना को *ग्रहों की युति (Planetary Conjunction)* कहा जाता है। इस नजारे में बृहस्पति अपनी अत्यधिक चमक के कारण अधिक चमकीला दिखाई दिया, जबकि मंगल अपनी हल्की लालिमा के कारण अलग पहचान बना रहा था।
क्या वास्तव में दोनों ग्रह पास आ गए थे?
वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझें तो मंगल और बृहस्पति वास्तव में अंतरिक्ष में एक-दूसरे के पास नहीं आए थे। पृथ्वी से देखने पर दोनों ग्रह एक ही दिशा में अपेक्षाकृत नजदीक दिखाई दे रहे थे। यह हमारी दृष्टि का कोणीय प्रभाव है। इस अवसर पर विज्ञान गुरु दीपक शर्मा ने कहा कि, *“विज्ञान घर का उद्देश्य ऐसे खगोलीय घटनाक्रमों के माध्यम से बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जिज्ञासु बनाना है। ऐसे अद्भुत खगोलीय दृश्य बच्चों को किताबों से बाहर निकलकर प्रकृति और ब्रह्मांड को प्रत्यक्ष देखने, समझने और सवाल पूछने के लिए प्रेरित करते हैं।”
उन्होंने कहा कि खगोलीय घटनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन विज्ञान को समझने का एक रोचक माध्यम है। इससे बच्चों में जिज्ञासा, तर्कशीलता और वैज्ञानिक सोच विकसित होती है। विज्ञान घर, मेरठ लगातार प्रयोगों, गतिविधियों और खगोलीय अवलोकनों के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास कर रहा है।


