Homeउत्तर प्रदेशमेरठसंभव जनसुनवाई में MD ने सुनी उपभोक्ताओं की शिकायतें, पोल शिफ्ट करने...

संभव जनसुनवाई में MD ने सुनी उपभोक्ताओं की शिकायतें, पोल शिफ्ट करने और जलभराव वाले उपकेंद्रों के स्थायी समाधान के दिए निर्देश

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ।  पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को डिस्कॉम मुख्यालय ऊर्जा भवन के सभागार में संभव कार्यक्रम के अंतर्गत जनसुनवाई का आयोजन किया गया।

जनसुनवाई में मेरठ व आसपास के क्षेत्रों से आए उपभोक्ताओं ने बिल, लाइन, पोल व अन्य विद्युत संबंधी समस्याएं रखीं। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में पारदर्शी, जवाबदेह एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

शिवलोक पुरी, कंकरखेड़ा निवासी बुजेश्वर कांत शर्मा ने घर के अंदर से गुजर रहे विद्युत तारों को हटाकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की। उन्होंने बताया कि इससे परिवार की सुरक्षा को खतरा है। इस पर स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं सैनिक विहार, कंकरखेड़ा निवासी एक अन्य उपभोक्ता ने मकान बी-89 के मुख्य द्वार के सामने लगे विद्युत पोल को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने का अनुरोध किया। इस पर भी मौके की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में वर्षा के दौरान जलभराव से प्रभावित विद्युत उपकेंद्रों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इस पर प्रबंध निदेशक ने मुख्य अभियंता मेरठ क्षेत्र प्रथम आर.के. मिश्रा को तलब कर स्थायी समाधान की जानकारी ली। मुख्य अभियंता ने बताया कि माधवपुरम एवं रामलीला ग्राउंड उपकेंद्रों के सिविल कार्य कार्ययोजना में शामिल किए गए हैं।

इस पर प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि माधवपुरम एवं रामलीला ग्राउंड के साथ-साथ लेडीज पार्क, उद्योगपुरम प्रथम एवं द्वितीय तथा मोहकमपुर उपकेंद्रों को भी सिविल कार्ययोजना में शामिल किया जाए, ताकि वर्षा में जलभराव का स्थायी समाधान हो सके और विद्युत आपूर्ति प्रभावित न हो।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ता संतुष्टि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार को पश्चिमांचल डिस्कॉम के सभी 14 जनपदों में उपभोक्ता सेवा शिविर एवं जनसुनवाई आयोजित की जा रही है।

इस अवसर पर निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया, निदेशक वाणिज्य संजय जैन, निदेशक वित्त स्वतंत्र कुमार तोमर, मुख्य अभियंता मोहम्मद सगीर, राजकुमार, रजनीकांत मिश्र, गुरजीत सिंह, अमित रोहिला, अधीक्षण अभियंता मोहम्मद अरशद, मनोज कुमार, एस.के. चौधरी, सोनम सिंह, प्रशांत सोनी, सौरभ मंगला, महेश कुमार, डी.वी. सिंह सहित अन्य अधिशासी अभियंता व उपखंड अधिकारी उपस्थित रहे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments