नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर चल रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर को जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का प्रकाशन किया जाएगा।
जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और वोटर लिस्ट में अपना व अपने परिवार के सदस्यों का नाम व विवरण जरूर जांच लें।उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे। मतदाता अपना नाम, जन्मतिथि, पिता का नाम, पता, बूथ संख्या आदि की जांच कर सकते हैं।
त्रुटि हो तो कराएं सुधार, नया नाम जुड़वाने के लिए भरें फॉर्म-6
जिलाधिकारी ने कहा कि वोटर लिस्ट में किसी भी तरह की त्रुटि होने पर उसे तय प्रक्रिया से ठीक कराया जाए। जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ अपने BLO को दें। नए मतदाता अपनी जन्मतिथि और निवास का प्रमाण पत्र साथ लेकर BLO से संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर पात्र नागरिक की भागीदारी के लिए वोटर लिस्ट का शुद्ध और अद्यतन होना बहुत जरूरी है। कोई भी पात्र नागरिक नाम दर्ज होने से वंचित न रहे, इसके लिए सभी विभागों को व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता के निर्देश दिए गए हैं।
राजनीतिक दलों को भी दी जाएगी ड्राफ्ट लिस्ट
17 नवंबर को ही सभी पंजीकृत और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें ड्राफ्ट वोटर लिस्ट दी जाएगी, ताकि वे भी सूची का अवलोकन कर दावे-आपत्तियां दे सकें।
चार विशेष अभियान दिवस तय
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत चार विशेष अभियान दिवस तय किए गए हैं –
• 21 नवंबर 2026, शनिवार
• 22 नवंबर 2026, रविवार
• 28 नवंबर 2026, शनिवार
• 29 नवंबर 2026, रविवार
जिलाधिकारी ने दोबारा अपील की कि सभी मतदाता 17 नवंबर को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट सूची में अपना नाम अवश्य देखें और त्रुटि या नाम छूटने पर समय से फॉर्म भरकर कार्रवाई कराएं।


