
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। वसुमित्र समाज सेवा समिति द्वारा देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) परिसर में पिछले ५ वर्षों से लगाई जा रही दिवाली की हस्त-निर्मित सामग्री प्रदर्शनी इस वर्ष भी बेहद सफल और आकर्षक रही। नालंदा परिसर, देवी अहिल्या दरबार हॉल, RNT मार्ग, DAVV परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभ उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति राकेश सिंघई जी और कुलसचिव श्री प्रज्ज्वल खरे जी के करकमलों द्वारा किया गया।
इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के शासकीय छात्रावासों के विद्यार्थियों के हुनर को बढ़ावा देना था, जिन्होंने अपनी कला-कृतियों से सभी का मन मोह लिया। प्रदर्शनी में शामिल की गई सामग्रियां इतनी आकर्षक थीं कि आते ही सभी को बहुत पसंद आ गईं और बहुत ही कम समय में सारी सामग्री बिक गई।
प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षणों में सजावटी एवं नक्काशीदार दीये, आकर्षक हस्त-निर्मित तोरण, जगमगाती बिजली की झालरें और विभिन्न प्रकार के सुंदर सजावटी सामान शामिल थे, जो बेहद किफायती और उचित मूल्यों पर उपलब्ध कराए गए थे। इस अवसर पर आने वाले लोगों ने “स्वेच्छा और स्वदेशी” अपनाते हुए युवा कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वसुमित्र समाज सेवा समिति की सचिव डॉ. ग्रीष्मा त्रिवेदी, प्रमा पाहवा, मोनिका मंडलोई, रिमझिम यादव, पूजा भीटे का विशेष सहयोग रहा, जिन्होंने इस सामाजिक और सार्थक पहल को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।


