- अतिरिक्त ट्रिप्स के साथ ट्रेनें 10 मिनट से कम की फ्रीक्वेंसी पर होंगी उपलब्ध
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। भाई दूज पर लोगों के लिए यात्रा को और अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनाने के लिए दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर 11 नवंबर को नमो भारत ट्रेनें 32 अतिरिक्त ट्रिप्स लगाएँगी। त्योहार में होने वाली भीड़ को देखते हुए और लोगों को सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए एनसीआरटीसी ने यह फैसला लिया है। इन अतिरिक्त ट्रिप्स के साथ ट्रेनें 10 मिनट से कम की फ्रीक्वेंसी पर उपलब्ध होंगी।
भाई दूज के दिन भाई अपनी बहनों से टीका करवाने के लिए उनके घर जाते हैं। इन अतिरिक्त ट्रिप्स से उन्हें विशेष लाभ होगा। साथ ही, इससे अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने और परिजनों से मिलने जा रहे लोगों की सुविधा में भी बढ़ोतरी होगी। इस दिन बुधवार होने के कारण सड़कों पर त्योहार मनाने जा रहे लोगों के साथ-साथ नौकरीपेशा और अन्य दैनिक यात्रियों की भी अत्यधिक संख्या होगी। ऐसे में इन विशेष अवसरों पर अक्सर देखा गया है कि लोग घंटों ट्रैफिक जाम में फंसे रह जाते हैं। नमो भारत सड़क परिवहन का एक तेज़, आरामदायक, कुशल एवं सतत विकल्प प्रदान करती है। ये अतिरिक्त ट्रिप्स उनकी यात्रा को और सुविधाजनक बनाएगी। इससे यात्रियों का प्रतीक्षा समय कम होगा, सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और उनका समग्र यात्रा अनुभव और बेहतर होगा।

गंभीर स्थिति में पहुंचा वायु प्रदूषण
दिपावली के एक हफ्ते पहले से ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण का स्तर बेहद गंभीर स्थिति में पहुँच गया था, जो तमाम उपायों के बावजूद दिपावली के बाद और भयावह हो गया है। ऐसे में सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए एनसीआरटीसी पहले से ही 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स परिचालित कर रहा है।

भाई दूज के दिन इन्हें बढ़ाकर 32 कर दिया गया है। इन ट्रेनों की अधिक फ्रीक्वेंसी निजी वाहनों के बजाए इससे यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित करेगी तथा सार्वजनिक परिवहन को एक अधिक कुशल और सतत आवागमन विकल्प के रूप में बढ़ावा देगी।


