HomeUncategorizedभैया दूज: जेल की दीवारों के पार भी नहीं टूटा भाई-बहन का...

भैया दूज: जेल की दीवारों के पार भी नहीं टूटा भाई-बहन का रिश्ता

  • उमड़ा बहनों का सैलाब, 3000-4000 बहनें पहुंचीं भाइयों को तिलक लगाने

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। भैया दूज का पर्व बुधवार को चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में बड़े ही भावुक और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। जेल की ऊंची दीवारें और सलाखें भी भाई-बहन के रिश्ते को नहीं रोक पाईं। सुबह से ही जेल के बाहर बहनों और महिला परिजनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।

जेल प्रशासन के मुताबिक, इस बार भैया दूज पर करीब 3000 से 4000 बहनें अपने बंदी भाइयों से मिलने पहुंचीं। मुलाकात का सिलसिला सुबह 6 बजे से ही शुरू हो गया था। जेल प्रशासन ने बहनों के स्वागत के लिए पहले से ही पूरी तैयारी कर रखी थी। जेल परिसर में टेंट, बैठने की व्यवस्था, चाय-नाश्ता और मिठाई का इंतजाम किया गया था। जेल के अंदर लाल कालीन बिछाकर बहनों को बैठाया गया, जहां उन्होंने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और मिठाई खिलाई। कई जगह बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी भी बांधी। जेल परिसर में लगा बैनर भी सबका ध्यान खींच रहा था, जिस पर लिखा था – “जिला कारागार मेरठ – भैया दूज के अवसर पर सभी बंदियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करता है।”

दो साल बाद मिली अंदर मिलने की अनुमति

जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने मीडिया को बताया कि करीब दो साल से जेल के अंदर इस तरह की मुलाकात पर रोक थी, लेकिन इस बार भैया दूज पर बहनों को जेल के अंदर जाकर भाइयों से मिलने की अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भाई-बहन के बीच विश्वास के रिश्ते को मजबूत करने के लिए किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जो बहनें दूर-दराज से नहीं आ सकीं या जिनके परिजन उपलब्ध नहीं थे, उनके लिए वीडियो कॉल के जरिए मुलाकात की व्यवस्था भी की गई। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच सभी मुलाकातें व्यवस्थित तरीके से कराई गईं।

भावुक हुए कैदी और बहनें

मुलाकात के दौरान कई भावुक पल भी देखने को मिले। बहनों ने तिलक लगाते हुए भाइयों की लंबी उम्र और जल्द रिहाई की कामना की। कई कैदी अपनी बहनों से मिलकर भावुक हो गए। बच्चे भी अपनी बुआ और पिता से मिलने पहुंचे थे। एक वीडियो में बहन अपने भाई को तिलक लगाती नजर आई, जो अपनी छोटी बच्ची को गोद में लिए बैठा था।

चर्चित कैदियों को नहीं मिला कोई

वहीं, एक रिपोर्ट के मुताबिक, सौरभ हत्याकांड में जेल में बंद चर्चित कैदी मुस्कान और साहिल से मिलने इस बार उनके परिवार का कोई सदस्य नहीं पहुंचा। जेल प्रशासन का कहना है कि ऐसे त्योहार कैदियों को समाज और परिवार से जोड़े रखने में मदद करते हैं, जिससे उनके सुधार में भी मदद मिलती है।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments