HomeUncategorizedचरण सिंह की 'सबको साथ' वाली रालोद, अब 'बटोगे तो कटोगे' की...

चरण सिंह की ‘सबको साथ’ वाली रालोद, अब ‘बटोगे तो कटोगे’ की राह पर?

  • रसूलपुर के बयान से पार्टी ने झाड़ा पल्ला, कहा – रालोद धर्मनिरपेक्ष है, बांटने की राजनीति नहीं करती

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। ​एक समय था, जब चौधरी चरण सिंह की विरासत संभालने वाले राष्ट्रीय लोकदल के सम्मेलनों में गन्ने के समर्थन मूल्य, माटी की सौगंध और ‘जाट-मुस्लिम’ भाईचारे के समीकरण पर घंटों बहस होती थी। मंच से जब बुजुर्ग नेता पगड़ी संभालते हुए आपसी सौहार्द की बात करते थे, लेकिन, वक्त का पहिया घूमा, सियासत के पाले बदले और एनडीए के कुनबे में कदम रखते ही लगता है कि अब रालोद की विचारधारा बदल गई, जिसका प्रमाण यह है कि रालोद के  मंचों पर नए ज़माने के तीखे बयान और नारे गूंजने लगे हैं।

​ताजा मामला पार्टी के नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष विवेक बाफर के स्वागत समारोह का है। मंच सजा था, फूलों की मालाएं थीं और उम्मीद थी कि पुराने वक्त की तरह किसान-मजदूर के हक की आवाज बुलंद होगी, लेकिन रालोद के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और सिवालखास सीट से टिकट के दावेदार संजय रसूलपुर ने माइक थामा तो उन्होंने वो लाइन उछाल दी, जो आजकल सत्ता के गलियारों में सबसे ज्यादा शोर कर रही है,”बंटोगे तो कटोगे। अब जरा सोचिए कि  जिस पार्टी ने कभी ‘तेरा मेरा रिश्ता क्या? भाई-चारा’ का नारा देकर दिलों को जोड़ने का हुनर सिखाया हो, उसके मंच से अब ‘कटने-बंटने’ का डर दिखाने वाला नारा परोसा जा रहा है। लगता है पार्टी के रणनीतिकारों को अब चौधरी साहब के ‘अन्नदाता’ वाले विजन लुभावने नहीं लगते।

सवाल उठने लाजिमी है कि क्या एनडीए की गंगा में डुबकी लगाने के बाद पार्टी ने अपनी उस मूल विचारधारा को अलविदा कह दिया है, जिसके बूते उसने दशकों तक किसानों के दिलों पर राज किया था? ​चौधरी चरण सिंह की नीतियों पर चलने का दावा करने वाली पार्टी अब चौपालों पर भाईचारे की जगह ध्रुवीकरण के व्याकरण का पाठ पढ़ाने लगी? हालांकि रालोद नेताओं ने इसे संजय रसूलपुर का व्यक्तिगत बयान बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया है। लेकिन सोच का विषय है कि चुनावी अखाड़े में टिकट के दावेदार और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मंच से माइक पर कोई ऐसी भारी-भरकम बात बोल दें और पार्टी कहे कि हमें तो पता ही नहीं था। क्या रालोद के मंच अब इतने लावारिस हो गए हैं कि कोई भी आकर वहां अपनी पसंद का नया वैचारिक चोला पहनकर घूम सकता है? या फिर यह पार्टी की नई विचारधारा है जो गठबंधन के बाद सामने आ रही है? हालांकि, इस पूरे मामले में

नरेंद्र खजूरी ने मांगी क्षमा

एससी/एसटी आयोग के सदस्य नरेन्द्र खजूरी का कहना है कि संजय रसूलपुर का बयान व्यक्तिगत है, पार्टी का उससे कोई लेना देना नहीं। रालोद सभी धर्मों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। हम इसका खंडन करते है और अगर किसी को ठेस पहुंची तो क्षमा प्रार्थी हैं।

पूर्व जिलाध्यक्ष ने किया खंडन

पूर्व जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़ का कहना है कि संजय रसूलपुर का ये बयान व्यक्तिगत है। राष्ट्रीय लोकदल इस तरह के बयानों की पक्षधर नहीं हैं। पूर्व प्रदेश महासचिव अनीस कुरैशी कहते हैं कि नवाबों को लेकर की गई संजय रसूलपुर की टिप्पणी भी गलत है और उनके द्वारा कही गई बात का भी हम खंडन करते हैं। पार्टी सभी धर्म, जाति का सम्मान करती हैं।

विवेक बाफर बोले-जानकारी नहीं

महानगर अध्यक्ष विवेक कुमार बाफर ने कहा कि मै अपने स्वागत कार्यक्रम में व्यस्त था, मुझे जानकारी नहीं है कि किसने मंच से क्या कहा। अगर संजय रसूलपुर ने इस तरह का कोई बयान दिया है, तो मुझे जानकारी नहीं है। यह उनका व्यक्तिगत बयान हो सकता है।

जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज ने साधी चुप्पी

इस पूरे मामले में जब रालोद के जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज से बात की गई तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, जिलाध्यक्ष इस मुद्दे पर पार्टी के बड़े नेताओं के आधिकारिक बयान का इंतजार कर रहे हैं, इसलिए उन्होंने इस विषय पर कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया। उनकी ये चुप्पी भी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग पूछ रहे हैं कि जब पार्टी के नेता ही इस बयान पर खुलकर नहीं बोल रहे, तो कार्यकर्ता क्या समझें?

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments