नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शनिवार को आईएमए हॉल में “नर सेवा नारायण सेवा” के तहत निःशुल्क मधुमेह शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 240 से अधिक लोगों की निःशुल्क जांच की गई, जिसमें ब्लड शुगर, बीपी, लिपिड प्रोफाइल, थायरॉयड, एचबीए1सी और लिवर प्रोफाइल सहित अन्य रक्त परीक्षण शामिल रहे।
शिविर में वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ. संजीव सक्सेना, डॉ. संदीप गर्ग, डॉ. वी.के. बिंद्रा, डॉ. शिवेंदु भारद्वाज, डॉ. सौरभ अग्रवाल, डॉ. रोहित गर्ग, नीलिमा ऐरन और शिविर संयोजक डॉ. आर.के. ऐरन ने मधुमेह से बचाव, खानपान में बदलाव और जीवनशैली में सुधार के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वी.एन. त्यागी एवं डॉ. मितुल जैन ने किया।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार अग्रवाल एवं सचिव डॉ. विजय सिंह ने मुख्य अतिथि सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आर.सी. गुप्ता का स्वागत किया। चिकित्सकों ने मधुमेह के कारण, बचाव और रोजमर्रा की जिंदगी में होने वाली तकलीफों पर लोगों के सवालों के जवाब दिए।


