Homeमध्य प्रदेशइंदौरडॉ. अंजना चक्रपाणि मिश्र की कृतियों पर गहन पुस्तक परिचर्चा

डॉ. अंजना चक्रपाणि मिश्र की कृतियों पर गहन पुस्तक परिचर्चा

सपना सी.पी. साहू

नित्य संदेश, इंदौर। पंचकन्या द्वारा संचालित ‘कला किताब और कॉफी’ के तत्वावधान में साहित्य प्रेमियों के लिए एक विशेष साहित्यिक संध्या का आयोजन किया गया। इसमें शहर की प्रतिष्ठित लेखिका डॉ. अंजना चक्रपाणि मिश्र की दो चर्चित कृतियों—‘अनकहे संवाद’ (आलेख संग्रह) और ‘मन अनहद नाद’ (काव्य संग्रह)—पर गहन परिचर्चा हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ बेबी अलायना की मधुर गणेश वंदना से हुआ।

इस साहित्यिक संवाद में लेखिका डॉ. अंजना चक्रपाणि मिश्र के साथ मुख्य वक्ता एवं समीक्षक के रूप में डॉ. विकास दवे और डॉ. वसुधा गाडगिल शामिल हुए। कार्यक्रम में दोनों पुस्तकों के विविध पहलुओं, उनकी संवेदनाओं और लेखिका की रचनात्मक यात्रा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

मुख्य वक्ता डॉ. विकास दवे ने कहा कि यह आयोजन साहित्यिक कार्यक्रमों के पारंपरिक और औपचारिक स्वरूप को बदलने का एक अनूठा प्रयास है, जहाँ संख्या के बजाय गुणवत्ता को प्राथमिकता दी गई है। ‘अनकहे संवाद’ की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, “हमने लेखिका के विभिन्न आयाम देखे हैं, लेकिन कोई भी रचनाकार तब तक पूर्ण लेखक नहीं बनता, जब तक वह गद्य लेखन की कसौटी पर खरा न उतरे। इस पुस्तक के निबंध ऐसी ही कठोर साधना से उपजे हैं। गंभीर, चिंतनीय और दर्शन की ऊँचाइयों को छूने वाले विषयों पर लेखनी चलाने के लिए वे बधाई की पात्र हैं। पुस्तक का अमूर्त आवरण चित्र ही ‘अनकहे’ से संवाद स्थापित करता है, जो इसे आवरण से अंत तक एक उत्कृष्ट कृति बनाता है।”

स्त्री संवेदना पर प्रकाश डालते हुए डॉ. दवे ने कहा कि लोग भौतिक और आत्मिक विषयों को अलग-अलग देखते हैं, जबकि संवेदना मूलतः स्त्री का ही पक्ष है। निबंध ‘पुनर्वा भव’ में लड़के और लड़की के भेद को खरगोश को उठाने के प्रसंग के माध्यम से अत्यंत सूक्ष्मता और सुंदरता से समझाया गया है। हर बार नए रूप में मानवीय मूल्यों को सहेजना स्त्री के देवत्व को जीवित रखने का कार्य करता है; स्त्री विमर्श और मानवीय मूल्य एक-दूसरे से अभिन्न हैं। उन्होंने आगे कहा कि सच्चे प्रगतिशील लेखकों को भारतीय परंपरा से जुड़ा होना ही होगा। कृषक, मजदूर और वंचितों की चिंता हमारी वैदिक ऋचाओं और ऋषि-मुनियों द्वारा सदियों पहले ही की जा चुकी है। किसी भी विशेष वैचारिक ब्रांडिंग के बावजूद भारतीय ऋचाओं की प्रगतिशीलता को झुठलाया नहीं जा सकता। उन्होंने लेखिका की संस्कृतनिष्ठ भाषा और उनकी निर्भीक नारी-चेतना की भी सराहना की।


समीक्षक डॉ. वसुधा गाडगिल ने पुस्तकों को संत परंपरा का स्पर्श करने वाली तथा स्त्री, संस्कृति और अंतर्मन की ध्वनियों से ओतप्रोत बताया। उन्होंने कहा कि जब विचार अंतर्मन से मुखरित होते हैं, तभी दिव्य ज्योति बिखरती है। ‘अब मैं किसी की प्रतीक्षा नहीं करती’ जैसी पंक्तियाँ जीवन के गहरे अनुभवों को दर्शाती हैं। कृतियों में ‘स्त्री देह’, ‘प्रेम की आत्मनिर्भरता’ और ‘अकेलेपन का उत्सव’ जैसे विषय गहराई से उभरकर सामने आए हैं, वहीं ‘जिंदगी फतह करेंगे’ जैसी रचनाएँ मन में नई ऊर्जा का संचार करती हैं।

डॉ. गाडगिल ने कहा कि लेखिका की शैली पाठकों को बाँधे रखती है। ‘उर्मिला का विरह’ मन में कई प्रश्न जगाती है, तो ‘रजत राग’ प्रकृति का जीवंत चित्रण प्रस्तुत करती है। निश्चित ही ये रचनाएँ युवा पीढ़ी को नई दिशा देंगी। लेखिका ने संस्कृतनिष्ठ, देशज तथा अरबी-फारसी शब्दों का सुंदर समन्वय किया है। बनारस और ब्रज की गलियों से उपजे उनके शब्द कविताओं में आध्यात्मिकता को प्रेम से जोड़ते हैं और हमें भारतीय परंपराओं की ओर ले जाते हैं। ‘मौन की सीपियों’ में अरबी-फारसी शब्दों का प्रयोग परमात्मा से सहज तारतम्य बिठाता है। कार्यक्रम में लेखिका ने भविष्य में गजल और कजरी पर भी संग्रह लाने की बात साझा की।


कार्यक्रम के संचालक लव कुमार द्वारा साहित्य में विचार और भावना की महत्ता पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में यह निष्कर्ष निकला कि साहित्य का सृजन भावनाओं के धरातल पर होना ही सार्थक है। जो ‘हित सहित’ है, वही सच्चा साहित्य है। कालजयी साहित्य भावों से ही निर्मित होता है, क्योंकि विचार और संवेदनाएँ अंततः भावनाओं से ही जन्म लेती हैं।


अपनी रचना-प्रक्रिया साझा करते हुए लेखिका डॉ. अंजना चक्रपाणि मिश्र ने बताया कि साहित्यिक परिवेश उन्हें विरासत में मिला है और उनकी भाषा-शैली पर माता-पिता के संस्कारों की गहरी छाप है। आयुर्वेदाचार्य पिता से मिले संस्कारों ने उनके व्यक्तित्व को गढ़ा। बचपन में ही माँ के निधन और कम उम्र में विवाह के बाद, उनके पति ने उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए निरंतर प्रेरित किया। दोनों ने साथ मिलकर अध्ययन किया और बाद में बच्चों ने भी उन्हें गूढ़ विषयों को सरल ढंग से प्रस्तुत करने की प्रेरणा दी। लेखिका ने कहा कि वे दूसरों की पीड़ा और अनुभवों को स्वयं महसूस कर शब्दों में ढालती हैं। ‘मन अनहद नाद’ का आशय मन में निरंतर चलने वाली रचनात्मक हलचल से है; जिस दिन वे कुछ रच नहीं पातीं, उस दिन उन्हें गहरा खालीपन महसूस होता है। उन्होंने पाठकों से दोनों कृतियों को अपने दृष्टिकोण से पढ़ने का आग्रह किया।

अतिथियों का आत्मीय स्वागत चक्रपाणि मिश्र, निष्ठा मिश्र, पूनम हिरवानी तथा कनिष्क मिश्र ने किया।

कार्यक्रम के अंत में आभार लेखिका ने व्यक्त किया। कॉफी की चुस्कियों और सार्थक साहित्यिक विमर्श के साथ यह भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular