Homeउत्तर प्रदेशमेरठमेरठ की बेटी इटली जाकर सूक्ष्म प्लास्टिक पर करेगी शोध

मेरठ की बेटी इटली जाकर सूक्ष्म प्लास्टिक पर करेगी शोध

  • वर्दी वाले पिता से मिली देशसेवा की प्रेरणा, लाइबा रिजवी अब बनेगी वैज्ञानिक

लियाकत मंसूरी

नित्य संदेश, मेरठ। पिता वर्दी पहनकर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, तो बेटी विज्ञान की प्रयोगशाला से देश की सेवा का संकल्प लेकर विदेश जा रही है। मेरठ की लाइबा रिजवी ने अपनी मेहनत और लगन से यूरोप के सबसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में से एक, इटली के बोलोन्या विश्वविद्यालय में आणविक एवं संगणकीय जीव विज्ञान में परास्नातक के लिए प्रवेश पाया है।

लाइबा रिजवी ने बारहवीं की पढ़ाई शांति निकेतन विद्यापीठ से भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान विषयों के साथ पूरी की। इसके बाद मेरठ कॉलेज से जैव प्रौद्योगिकी में स्नातक किया, जहाँ उन्होंने महाविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। लाइबा का कहना है कि इटली के बोलोन्या विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित कार्यक्रम में चयन की प्रक्रिया किसी उपलब्धि से कम नहीं रही। विश्व के विभिन्न देशों से करीब 280 विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम के लिए साक्षात्कार दिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद उनमें से सिर्फ 20 अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों का चयन हुआ। गर्व की बात यह है कि उन चयनित 20 विद्यार्थियों में भारत से केवल दो विद्यार्थी हैं और उनमें से एक मेरठ की लाइबा हैं। लाइबा का कहना है कि यह चयन उनके लिए गर्व की बात है और यह उन्हें अपने शैक्षणिक लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

कोविड ने दिखाया विज्ञान का रास्ता

जब लाइबा बारहवीं कक्षा में थीं, तब कोविड महामारी ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया। लाखों लोगों की जान जाती देखी और वैज्ञानिकों को दिन-रात टीका बनाने के लिए जुटते देखा। उसी समय उन्होंने तय कर लिया कि वह भी वैज्ञानिक बनकर मानवता और देश के काम आएंगी।

सूक्ष्म प्लास्टिक पर करेंगी शोध

लाइबा की विशेष रुचि कोशिका विज्ञान में है। वह शोध के माध्यम से यह समझना चाहती हैं कि भोजन, पानी और हवा के जरिए शरीर में पहुंचने वाले सूक्ष्म प्लास्टिक के कण मानव कोशिकाओं को कैसे नुकसान पहुंचाते हैं। विशेषकर माइटोकॉन्ड्रिया, ऑक्सीडेटिव तनाव और कोशिकाओं की सामान्य कार्यप्रणाली पर इनके प्रभाव का अध्ययन करना उनका लक्ष्य है।

जर्मनी-स्विट्जरलैंड को छोड़ चुना बोलोन्या

लाइबा को जर्मनी, स्विट्जरलैंड समेत कई यूरोपीय देशों के विश्वविद्यालयों से भी प्रवेश की स्वीकृति मिली थी, लेकिन उन्होंने 1088 में स्थापित विश्व के सबसे पुराने विश्वविद्यालय बोलोन्या को चुना। यहां उन्हें शिक्षण शुल्क में छूट के साथ करीब एक लाख रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता भी मिलेगी। प्रथम वर्ष बोलोन्या में पढ़ाई के बाद दूसरे वर्ष में उन्हें जर्मनी या स्विट्जरलैंड में अध्ययन-अनुसंधान का अवसर भी मिल सकता है।

लौटकर भारत की सेवा का संकल्प

लाइबा के पिता केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में कार्यरत हैं। पिता से ही उन्होंने अनुशासन, समर्पण और देशसेवा सीखी है। उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद वह भारत लौटकर आणविक जीव विज्ञान, कोशिका अनुसंधान और जैव चिकित्सा अनुसंधान में काम करना चाहती हैं। उनकी विशेष रुचि इसरो के अंतरिक्ष जीव विज्ञान से जुड़े अनुसंधान में भी है।

ये कहना है लायबा रिजवी का

लाइबा कहती हैं, “पिता ने मुझे देशसेवा की प्रेरणा दी है और विज्ञान ने मुझे देश की सेवा करने का मार्ग दिखाया है। मैं एक ऐसी भारतीय वैज्ञानिक बनना चाहती हूँ, जिसका ज्ञान और अनुसंधान अपने देश तथा मानवता के काम आए।”

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular