HomeEvents“योग: एक स्वास्थ्य की ओर” विषय पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में...

“योग: एक स्वास्थ्य की ओर” विषय पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के महिला अध्ययन केंद्र एवं नित्य योगशाला द्वारा विज्ञान भारती (विभा), मेरठ प्रांत के सहयोग से “योग: एक स्वास्थ्य की ओर” (Yog: A Path to One Health) विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रो. वीरपाल सिंह (निदेशक, शोध), प्रो. बिंदु शर्मा (समन्वयक, महिला अध्ययन केंद्र), श्री आशुतोष सिंह (क्षेत्रीय संगठन मंत्री, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, विज्ञान भारती) तथा आमंत्रित अतिथियों डॉ. एम. सी. सैनी (वरिष्ठ अस्थिरोग विशेषज्ञ), डॉ. सरिता त्यागी (वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. विवेक कुमार (समन्वयक, विधि विभाग) एवं योगाचार्य अमरपाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. एम. सी. सैनी ने हड्डियों के स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न योग मुद्राओं एवं योगासनों के माध्यम से हड्डियों को स्वस्थ एवं मजबूत बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया। डॉ. सरिता त्यागी ने विश्वविद्यालय द्वारा समाज के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में निःशुल्क नित्य योगशाला की सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रशिक्षित मार्गदर्शन में नियमित योगाभ्यास की व्यवस्था को एक सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्री आशुतोष सिंह ने भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व को रेखांकित करते हुए विभिन्न विषयों में सहयोगात्मक शोध (Collaborative Research) को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान प्रणाली को आधुनिक शोध के साथ जोड़कर व्यापक स्तर पर कार्य किए जाने की आवश्यकता है।

प्रो. वीरपाल सिंह ने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न शोध पहलों एवं अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी योग साधकों को बधाई दी तथा उनकी सक्रिय सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं सामाजिक गतिविधियों में सभी की सक्रिय भागीदारी विश्वविद्यालय की रैंकिंग को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

कार्यक्रम के अंत में योग विज्ञान विभाग के समन्वयक प्रो. राकेश शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। संपूर्ण कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. वैशाली पाटिल, प्राचार्य, फार्मेसी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार, श्री अनुज बैंसला, सुश्री राखी सिंह, श्रीमती अर्चना सिंह, श्रीमती सरलेश त्यागी सहित अनेक योग साधक एवं विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने, भारतीय ज्ञान परंपरा को प्रोत्साहित करने तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments