HomeUncategorizedमहामना मालवीय मिशन का 11वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न, शिक्षा-संस्कार...

महामना मालवीय मिशन का 11वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न, शिक्षा-संस्कार और राष्ट्र निर्माण पर हुई संगोष्ठी

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। महामना मालवीय मिशन, मेरठ शाखा का 11वां स्थापना दिवस एवं दीपोत्सव कार्यक्रम गुरुवार को मेरठ कॉलेज स्थित डॉ. रामकुमार गुप्ता सभागार में गरिमामय वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में मालवीय जी का योगदान’ रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस महेश चंद्र, मिशन के अध्यक्ष इंजीनियर मुनीश कुमार, महासचिव ओ.पी. शर्मा, विशिष्ट अतिथि ए.के. वर्मा एवं जे.जे. सिंह द्वारा मां सरस्वती और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। मुख्य अतिथि महेश चंद्र ने कहा कि महामना मालवीय मिशन की स्थापना का मूल उद्देश्य महामना के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज के अंतिम व्यक्ति, गरीब, शोषित, वंचित वर्ग का उत्थान करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कार, सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

मिशन के अध्यक्ष इंजीनियर मुनीश कुमार ने बताया कि मेरठ शाखा की स्थापना 15 नवंबर 2015 को तत्कालीन रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा के कर कमलों द्वारा हुई थी। स्थापना के समय 48 सदस्य थे, जो आज बढ़कर लगभग 215 हो गए हैं। शाखा द्वारा अब तक गरीब परिवारों को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने, विद्यालयों में शौचालय निर्माण, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में सहायता सहित अनेक जनकल्याणकारी कार्य किए गए हैं।

इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवद् गीता के कर्मयोग के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि महामना के जीवन में गीता के कर्मयोग, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण की भावना का विशेष महत्व था।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि ए.के. वर्मा, जे.जे. सिंह तथा महासचिव ओ.पी. शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए और मिशन के कार्यों की सराहना की।

अंत में पूर्व मुख्य अभियंता इंजीनियर आर.डी. अग्रवाल ने सभी अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में नीरज रस्तोगी, आशु मित्तल, नरेंद्र अग्रवाल, विनय मित्तल, हर्ष मित्तल, मुकुल रस्तोगी सहित मिशन के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments