HomeUncategorizedमेरठ में प्रकृति पथ यात्रा का भव्य स्वागत, डॉ. अनिल प्रकाश जोशी...

मेरठ में प्रकृति पथ यात्रा का भव्य स्वागत, डॉ. अनिल प्रकाश जोशी का हुआ अभिनंदन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। पर्यावरण संरक्षण और हिमालय सुरक्षा का संदेश लेकर निकली प्रकृति पथ अंतरराष्ट्रीय साइकिल यात्रा शनिवार को क्रांतिकारी भूमि मेरठ पहुंची।

यात्रा के अंतर्गत पद्मश्री एवं पद्मभूषण से सम्मानित प्रख्यात पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रकाश जोशी का बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डी-ब्लॉक, शास्त्री नगर, मेरठ में विद्यालय परिवार द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।डॉ. जोशी के विद्यालय पहुंचते ही पूरे परिसर में उत्साह छा गया। छात्र-छात्राओं ने तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर और करतल ध्वनि से उनका स्वागत किया। विद्यालय की ओर से उन्हें सम्मान प्रतीक, शाल और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

यह अंतरराष्ट्रीय साइकिल यात्रा जनकपुर, नेपाल से प्रारंभ होकर भारत के विभिन्न नगरों और ग्रामों से होते हुए मेरठ पहुंची है। यात्रा का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हिमालय की सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना जगाना है।

“प्रकृति हमारी माँ है”

अपने उद्बोधन में डॉ. जोशी ने विद्यार्थियों से कहा -“प्रकृति हमारी माँ है। जिस प्रकार माँ अपने बच्चे का पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार प्रकृति हमें वायु, जल, भोजन और जीवन देती है।”उन्होंने विद्यार्थियों को कम से कम एक पौधा लगाने, उसकी बच्चे की तरह देखभाल करने, प्लास्टिक का प्रयोग कम करने और जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने का संकल्प दिलाया।उन्होंने कहा कि हिमालय केवल पर्वत नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की जीवनरेखा है। हिमालय सुरक्षित रहेगा, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा।

गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर विद्यालय समिति के उपाध्यक्ष विनोद कुमार अग्रवाल, पूर्व प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शर्मा, प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता, कमला देवी मंदिर की प्रधानाचार्या गीता अग्रवाल तथा मनोहरी देवी शिशु वाटिका की प्रधानाचार्या सीमा श्रीवास्तव सहित समस्त आचार्यगण, कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने कहा कि डॉ. जोशी जैसे महान व्यक्तित्व का आगमन विद्यालय के लिए गौरव का दिन है। उनके सान्निध्य में विद्यार्थी प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेकर जा रहे हैं, यही सबसे बड़ी उपलब्धि है।

कार्यक्रम का सफल संचालन गिरीश शुक्ला ने किया। कार्यक्रम का समापन “प्रकृति की रक्षा ही भविष्य की सुरक्षा है” के उद्घोष के साथ हुआ।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular