- 15 हजार से अधिक लोग पहुंचे, 2300 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, 600 जीपों और 1000 बाइकों से पहुंचे क्षेत्रवासी, भाजपा के कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। किठौर विधानसभा के पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी की ओर से रविवार को गढ़ रोड स्थित भगवती फार्म हाउस, गोकुलपुर में दीपावली मिलन एवं कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में किठौर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से 15 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के पहुंचने का दावा किया गया। भारी भीड़ के चलते कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, कैबिनेट मंत्री सोमेंद्र तोमर, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, वर्तमान विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, संजीव सिक्का, मनिंदर पाल और पूर्व सांसद विजय पाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों के मुताबिक, दूर-दराज के गांवों से लोग 2300 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, 600 से अधिक जीपों और 1000 से अधिक बाइकों के अलावा अन्य वाहनों से समारोह में पहुंचे। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को किठौर विधानसभा में सत्यवीर त्यागी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा गया।
समारोह में अतिथियों ने सत्यवीर त्यागी के जनसेवा कार्यों, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के साथ उनके जुड़ाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण और परिश्रम संगठन की मजबूती का आधार है।इस अवसर पर सत्यवीर त्यागी ने अतिथियों, पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि किठौर की जनता का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ता किसी भी संगठन की आधारशिला होते हैं। दीपावली मिलन जैसे आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के साथ आत्मीय संवाद का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में भजन एवं संगीत की प्रस्तुतियां हुईं। सहभोज का आयोजन किया गया तथा पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न गांवों से आए जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की बड़ी भागीदारी रही।


