- ऊर्जा के क्षेत्र में आधुनिक पदार्थों की संभावनाओं एवं भविष्य के अनुसंधान पर हुई चर्चा
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के भौतिक विज्ञान विभाग द्वारा ‘होमी भाभा स्मृति व्याख्यान श्रृंखला’ के अंतर्गत एक विशेष व्याख्यान का आयोजन सी. वी. रमन सेमिनार हॉल में किया गया। कार्यक्रम का विषय “Materials for Energy: Polymer-derived Ceramics and Electro-active Polymers” रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. रजत चौधरी, पोस्टडॉक्टोरल शोधकर्ता, यूनिवर्सिटी ऑफ ट्रेंटो, इटली रहे। उन्होंने ऊर्जा के क्षेत्र में पॉलिमर-व्युत्पन्न सिरेमिक एवं इलेक्ट्रो-एक्टिव पॉलिमर की उपयोगिता, उनके वैज्ञानिक महत्व तथा भविष्य में इनके संभावित अनुप्रयोगों और अनुसंधान की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के साथ संवादात्मक सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित प्रश्न पूछे और वक्ता ने उनके प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। इस संवाद ने विद्यार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान और उसके भविष्य के अवसरों को समझने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के संरक्षण एवं प्रो. बीर पाल सिंह के सह-संरक्षण में किया गया। कार्यक्रम के संयोजक भौतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अनुज कुमार रहे। आयोजन समिति में प्रो. अनिल के. मलिक, प्रो. संजीव के. शर्मा, डॉ. नीरज पंवार, डॉ. योगेंद्र कुमार गौतम, डॉ. अनिल कुमार यादव, डॉ. विवेक के. नौटियाल एवं डॉ. कविता शर्मा का योगदान रहा।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान, उन्नत पदार्थों एवं ऊर्जा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे नवीन अनुसंधानों से जुड़ने और भविष्य की वैज्ञानिक संभावनाओं को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।


