नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय एवं संघ माता डॉ. मुक्ति ग्लोबल बुद्धिस्ट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांचवें सुभारती बुद्ध मेला-2026 के तीसरे दिन भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।
साहित्य और संस्कृति से सजी इस यादगार शाम में देश के प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रेम, सद्भाव, सामाजिक चेतना, देशप्रेम और मानवीय संवेदनाओं के विविध रंग प्रस्तुत किए। कवियों की ओजपूर्ण, भावपूर्ण और हास्य-व्यंग्य से भरपूर प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा मेला परिसर तालियों और वाहवाही से गूंज उठा तथा साहित्यिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात आमंत्रित कवियों का पारंपरिक रूप से पटका पहनाकर एवं पौधे भेंट कर स्वागत और सम्मान किया गया। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. किरण सिंह ने की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेरठ के नगर आयुक्त सौरव गंगवार एवं विशिष्ट अतिथि सहायक आयुक्त एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सिद्धांत शर्मा ने सुभारती बुद्ध मेले का भ्रमण कर विभिन्न आयोजनों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सुभारती बुद्ध मेला भारतीय संस्कृति, साहित्य और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और भगवान गौतम बुद्ध के शांति, करुणा एवं अहिंसा के संदेशों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
इसके बाद कवि सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी सशक्त रचनाओं से साहित्यिक समां बांध दिया। किसी कवि ने प्रेम और रिश्तों की नजाकत को शब्दों में पिरोया तो किसी ने सामाजिक विसंगतियों, देशप्रेम और मानवीय संवेदनाओं को अपनी रचनाओं का विषय बनाया। हास्य-व्यंग्य की कविताओं ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया, वहीं गंभीर और भावनात्मक रचनाओं ने उन्हें चिंतन करने के लिए प्रेरित किया। प्रत्येक प्रस्तुति पर श्रोताओं ने तालियों और वाहवाही के साथ कवियों का उत्साहवर्धन किया।
कविताओं के माध्यम से साहित्य, संस्कृति और भगवान बुद्ध के मानवीय संदेशों का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में प्रो. (डॉ.) रविंद्र कुमार जैन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, कवि सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. किरण सिंह, आमंत्रित कवियों, अतिथियों, आयोजकों एवं उपस्थित साहित्य प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण, विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज सहित विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षाविद, गणमान्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।


