Homeउत्तर प्रदेशदीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर का उपहार

दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर का उपहार

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। दीपावली पर गरीब परिवारों की रसोई को महंगाई के बोझ से राहत देने के लिए योगी सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल का उपहार दिया है। त्योहार पर रसोई गैस का खर्च सरकार उठाएगी, जिससे लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।

मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से योजना के प्रथम चरण का शुभारंभ किया। मेरठ के विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 250 लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने 20 लाभार्थियों को गैस सिलेंडर और 639.50 रुपये के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने लाभार्थियों को योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के साथ उनके घरेलू खर्च को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। यह योजना महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के साथ उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने इसे महिलाओं को राहत और सम्मान देने वाला सार्थक कदम बताया।

लाभार्थियों को दिए दो गैस सिलेंडर

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में पात्र लाभार्थियों को दो निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराए जाने हैं। मंगलवार को पहले चरण के वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। योजना के तहत पात्र उज्ज्वला कनेक्शनधारकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सिलेंडर रिफिल की सुविधा मिलेगी। इससे दीपावली सहित अन्य अवसरों पर परिवारों को रसोई गैस के खर्च की चिंता से राहत मिलेगी।

योजना से जोड़ा जाएगा पात्र परिवार को

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के एलपीजी जिला समन्वयक शशांक द्विवेदी ने कहा कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर समुचित समन्वय किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने और उन्हें इसका लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, सांसद प्रतिनिधि सन्नी सिंह सहित जिला पूर्ति कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी आदि मौजूद रहे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments