
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा प्रबंध निदेशक के निर्देश पर ऊर्जा भवन में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं।
निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया व निदेशक वाणिज्य संजय जैन की अध्यक्षता में हुई सुनवाई में उपभोक्ताओं ने बिलिंग, मीटर रीडिंग, ट्रांसफार्मर व विद्युत लाइनों से जुड़ी समस्याएं रखीं। मनिहारान कब्रिस्तान निवासी नौशाद ने 11 केवी लाइन व ट्रांसफार्मर लगाने, भगवानपुर निवासी राजकुमार ने समय पर मीटर रीडिंग न होने और ग्राम सिखेड़ा निवासी किसान विक्रम सिंह ने गन्ने की फसल के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को हटाने की मांग की।
अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षित कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि सही बिलिंग, समय पर रीडिंग व विद्युत सुरक्षा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मामलों का समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण किया जाएगा। जनसुनवाई में मुख्य अभियंता मो. सगीर, गुलाब सिंह, रजनीकांत मिश्र सहित कई अधीक्षण व अधिशासी अभियंता मौजूद रहे।


