Homeउत्तर प्रदेशमेरठनमो भारत कॉरिडोर पर उपलब्ध होंगी 20 अतिरिक्त ट्रिप्स, बढ़ते प्रदूषण के...

नमो भारत कॉरिडोर पर उपलब्ध होंगी 20 अतिरिक्त ट्रिप्स, बढ़ते प्रदूषण के बीच सार्वजनिक परिवहन के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए एनसीआरटीसी की पहल

नित्य संदेश ब्यूरो

नई दिल्ली। एनसीआरटीसी, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए बुधवार, 4 नवंबर से दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स की शुरूआत कर रही है। ये अतिरिक्त ट्रिप्स दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक संपूर्ण कॉरिडोर पर परिचालित की जाएंगी। यह पहल क्षेत्र में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता के बीच सार्वजनिक परिवहन को एक अधिक सतत आवागमन विकल्प के रूप में बढ़ावा देने और निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने के प्रयासों के अनुरूप है।

हाल के दिनों में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़कर ‘गंभीर’ की श्रेणी में पहुंच गया है। दिल्ली में जहां 397 एक्यूआई के साथ स्थिति चिंताजनक है, वहीं नमो भारत कॉरिडोर के आस-पास के प्रमुख क्षेत्रों जैसे गाजियाबाद और मेरठ में भी वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) का दूसरा चरण लागू किया गया है। इसके अतिरिक्त, दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू किए गए उपायों के तहत 1 नवंबर से कुछ श्रेणियों के वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। ऐसे में सुविधाजनक, विश्वसनीय और पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन विकल्पों की आवश्यकता और भी बढ़ गई है। नमो भारत की अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने और निजी वाहनों के बजाए इससे यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित करेंगी।

नमो भारत स्टेशनों को दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेल, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और सिटी बस सेवाओं सहित परिवहन के विभिन्न साधनों के साथ एकीकृत किया गया है। सराय काले खां, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और गाजियाबाद जैसे प्रमुख परिवहन केंद्रों पर उपलब्ध यह मल्टीमोडल कनेक्टिविटी इसे क्षेत्रीय आवागमन के लिए एक सुविधाजनक विकल्प बनाती है। यात्री- सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए नमो भारत स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, नमो भारत कनेक्ट ऐप में लाइव पार्किंग ट्रैकिंग की सुविधा दी गई है, जिसके माध्यम से यात्री टिकट बुक करने से पहले ही पार्किंग की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकते हैं।

एनसीआरटीसी यात्रियों की बदलती आवश्यकताओं और मांग के अनुरूप ट्रेन परिचालन को निरंतर बेहतर बनाने की दिशा में कार्यरत है। नमो भारत की अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं की शुरुआत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सतत सार्वजनिक परिवहन को सशक्त बनाने के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा और आवागमन के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments