- सुभारती बुद्ध मेले के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम, अतिथियों ने भगवान बुद्ध के विचारों को बताया प्रासंगिक
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित सुभारती बुद्ध मेले के दूसरे दिन विभिन्न सांस्कृतिक एवं वैचारिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान बुद्ध के विचारों, पंचशील सिद्धांतों और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अंतरराष्ट्रीय जाट महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी तथा उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य नरेंद्र सिंह खजूरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।मुख्य अतिथि मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षाएं आज भी समाज को शांति, करुणा, समानता और आपसी भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। बुद्ध के विचार केवल किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, मानवीय मूल्यों और सामाजिक एकता से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।विशिष्ट अतिथि अंतर्राष्ट्रीय जाट महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी ने कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन और उनका दर्शन सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर समतामूलक समाज की स्थापना का संदेश देता है। बुद्ध के विचारों को आत्मसात करके समाज में पारस्परिक सम्मान, सद्भाव और एकता को मजबूत किया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य नरेंद्र सिंह खजूरी ने कहा कि पंचशील सिद्धांत मानव जीवन को नैतिकता, अनुशासन और सदाचार की दिशा प्रदान करते हैं। वर्तमान समय में इन सिद्धांतों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, समानता और मानवीय गरिमा की स्थापना के लिए भगवान बुद्ध की शिक्षाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

इस अवसर पर सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. मित्तल ने कहा कि सुभारती बुद्ध मेला केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान बुद्ध के विचारों, दर्शन और मानवीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है। विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक चेतना, समरसता, करुणा और नैतिक मूल्यों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पंचशील सिद्धांत आज के समाज को शांतिपूर्ण, जिम्मेदार और संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नोएडा के भीम शेरनी,भीम मिशन समूह की ओर से प्रस्तुत नाट्य प्रस्तुति रही। जगरोशनी बौद्ध के नेतृत्व में भीम शेरनी,भीम मिशन समूह के कलाकारों ने पंचशील सिद्धांतों पर आधारित प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया।

नाटक के माध्यम से भगवान बुद्ध के पंचशील सिद्धांतों—जीव हिंसा से विरत रहना, चोरी न करना, दुराचार से बचना, असत्य भाषण से दूर रहना तथा नशे से विरत रहना—को रोचक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपनी अभिनय कला के माध्यम से दर्शकों को नैतिक जीवन, अहिंसा, सत्य, सदाचार और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा।
सुभारती बुद्ध मेले के दूसरे दिन की गतिविधियों ने यह संदेश दिया कि भगवान बुद्ध का दर्शन आज भी सामाजिक परिवर्तन, मानवीय संवेदना और विश्व शांति के लिए प्रासंगिक है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


