नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना किठौर में पत्रकार शाहिद अली से कथित रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने इस मामले में डीजीपी को शिकायत भेजकर स्वतंत्र जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, निर्माण विवाद के मामले में इंस्पेक्टर किठौर पंकज कुमार सिंह ने कथित तौर पर एसपी देहात के नाम पर पत्रकार से पैसे मांगे। शाहिद अली का आरोप है कि उन्होंने इंस्पेक्टर के कहने पर 5 नवंबर को थाना परिसर में मेस के पीछे हमराह रवि को ₹70,000 दिए। इसके बाद 9 नवंबर को शाम करीब 6:30 बजे थाने के पास रॉयल एनफील्ड के सामने खड़ी क्रेटा कार में रवि को ₹1,50,000 और दिए।
आरोप है कि उसी रात विपक्षी पक्ष से कथित तौर पर धन लेने के बाद शाहिद अली के खिलाफ धारा 307 IPC के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया गया। अब उन्हें कथित तौर पर दी गई रकम वापस लेने की बात कही जा रही है। अमिताभ ठाकुर ने इसे गंभीर मामला बताते हुए उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है।


