HomeUncategorizedबाल दिवस पर स्कूली बच्चों ने संभाली नमो भारत स्टेशन की कमान

बाल दिवस पर स्कूली बच्चों ने संभाली नमो भारत स्टेशन की कमान

नित्य संदेश ब्यूरो

नई दिल्ली। बाल दिवस के अवसर पर एनसीआरटीसी ने मेरठ साउथ नमो भारत स्टेशन पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें स्कूली बच्चों ने एक दिन के लिए नमो भारत के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका निभाते हुए स्टेशन संचालन की जिम्मेदारी संभाली। टीम एनसीआरटीसी के मार्गदर्शन में बच्चों को भारत की प्रथम रीजनल रेल के सुचारू संचालन से जुड़ी गतिविधियों को करीब से जानने और समझने का एक ज्ञानवर्धक और मनोरंजक अवसर प्राप्त हुआ।

स्टेशन पर बच्चों को जूनियर स्टाफ की भूमिका में देखकर पूरा माहौल उत्साह और उमंग से भर गया। इस दौरान बच्चों ने स्टेशन कंट्रोलर की भूमिका निभाई, उद्घोषक के रूप में कार्य किया, टिकट काउंटर पर यात्रियों की सहायता की और हेल्प डेस्क पर कस्टमर केयर एसोसिएट्स के साथ मिलकर काम किया। इसके अलावा, उन्होंने स्टेशन की सुरक्षा और रखरखाव से जुड़ी टीमों के कार्यों को भी करीब से जाना। उन्होंने समझा कि किस तरह विभिन्न टीमें आपसी तालमेल के साथ काम करती हैं, ताकि प्रतिदिन हजारों यात्रियों का सफ़र सुरक्षित, समयबद्ध और आरामदायक बना रहे।

बच्चों के लिए स्टेशन कंट्रोल रूम (SCR) का अनुभव विशेष रूप से रोमांचक रहा। यहां उन्होंने ट्रेन के परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे और यह जानने में भी विशेष रुचि दिखाई कि किस तरह नमो भारत और मेरठ मेट्रो की ट्रेनें एक ही ट्रैक पर सुचारू रूप से संचालित होती हैं। उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (यूपीएसएसएफ) के जवानों के साथ बच्चों ने यात्रियों की सुरक्षा जांच की प्रक्रिया को समझा और एक्स-रे मशीनों के माध्यम से सामान की जांच होते हुए भी देखा। स्टेशन के सिक्योरिटी कंट्रोल रूम में उन्हें लाइव सर्विलांस सिस्टम के बारे में बताया गया, जिनके जरिए स्टेशन परिसर पर लगातार निगरानी रखी जाती है। वहीं, स्टेशन कर्मचारियों ने उन्हें यह भी दिखाया कि किस तरह नियमित साफ-सफाई और रखरखाव के माध्यम से स्टेशन परिसर को स्वच्छ और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाए रखा जाता है।

स्टेशन की हर सुविधा बच्चों के लिए सीखने और कुछ नया जानने का अवसर बन गई। तकनीक से लेकर टीमवर्क तक, उन्होंने उन तमाम पहलुओं को करीब से देखा, जिनसे आमतौर पर यात्री अनजान रहते हैं। बच्चों के इस उत्साह और उमंग ने यात्रियों के चेहरों पर भी मुस्कान बिखेर दी। नन्हे स्टेशन कर्मियों को यात्रियों का अभिवादन करते, उनकी यात्रा के बारे में पूछते और उनका टिकट देते देख यात्री भी काफी खुश हुए। उन्होंने इस अनूठे अनुभव के लिए एनसीआरटीसी टीम की सराहना की। वहीं, एनसीआरटीसी के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए, बच्चों की खुशी और जिज्ञासा उनके काम के पीछे के उद्देश्य की याद दिलाती रही, यानी ऐसी व्यवस्था बनाना जो लोगों को जोड़े, अगली पीढ़ी को प्रेरित करें और सभी के लिए एक समावेशी और जीवंत स्थान प्रदान करे।

इस दौरान बच्चों ने नमो भारत ट्रेन में सफर का भी आनंद लिया और इस आधुनिक ट्रेन की तेज रफ्तार और आरामदायक यात्रा का प्रत्यक्ष अनुभव किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को इस यादगार दिन की स्मृति के रूप में प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular