नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय एवं संघ माता डॉ. मुक्ति ग्लोबल बुद्धिस्ट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय पांचवें सुभारती बुद्ध मेले का शुभारंभ सुभारती बोधि उपवन परिसर में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में हुआ।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा के सांसद एवं बीजेपी के उड़ीसा के प्रदेश प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश में पार्टी की कार्यसमिति के सदस्य विजयपाल सिंह तोमर ने विधिवत रूप से मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षाविदों, गणमान्य अतिथियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का शुभारंभ बौद्ध मंत्रोच्चार एवं मंगलाचरण के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि विजयपाल सिंह तोमर ने अपने संबोधन में भगवान बुद्ध के विचारों को वर्तमान समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध ने संपूर्ण मानवता को शांति, प्रेम, करुणा, अहिंसा और सह-अस्तित्व का मार्ग दिखाया है। आज जब समाज विभिन्न चुनौतियों से गुजर रहा है, ऐसे समय में बुद्ध के विचार मानव जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा सदैव विश्व को शांति एवं मानव कल्याण का संदेश देती रही है। भगवान बुद्ध का दर्शन भारतीय ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत, नैतिक मूल्यों और मानवीय आदर्शों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि ने सुभारती विश्वविद्यालय एवं संघ माता डॉ. मुक्ति ग्लोबल बुद्धिस्ट फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ समाज में संस्कार, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। बुद्ध के विचारों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर उन्हें अपने व्यवहार और जीवनशैली में अपनाना चाहिए। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण ने अपने संदेश में कहा कि भगवान बुद्ध का दर्शन संपूर्ण मानवता के कल्याण का दर्शन है। उनके विचार हमें प्रेम, करुणा, सहिष्णुता, अहिंसा और आपसी सद्भाव के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। आज के समय में जब समाज को शांति, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच की आवश्यकता है, तब बुद्ध के संदेश और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय शिक्षा को केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, सेवा, संस्कृति और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
पांचवें बुद्ध मेले के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विरासत और भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रदीप राघव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन रामप्रकाश तिवारी ने किया।
उल्लेखनीय है कि 14 से 20 नवंबर तक शाम 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक आयोजित होने वाले इस मेले में हर दिन जनता के लिए विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक, आध्यात्मिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेले में भारतीय संस्कृति, बौद्ध दर्शन, कला, साहित्य, शिक्षा और चिकित्सा से जुड़ी विविध गतिविधियों को विशेष रूप से शामिल किया गया है।
मेले में विज्ञान प्रदर्शनी, निःशुल्क चिकित्सा शिविर, मेडिकल प्रदर्शनी, दंत चिकित्सा प्रदर्शनी, फिजियोथेरेपी प्रदर्शनी, न्यूरोथेरेपी एवं योग प्रदर्शनी, इंजीनियरिंग प्रदर्शनी तथा फाइन आर्ट्स प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र है । इसके अतिरिक्त आकर्षक फोटो पॉइंट, झूले, विभिन्न प्रतियोगिता स्थल, पुस्तक भंडार और धम्म सामग्री भंडार भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र है । बुद्ध मेले में आने वाले आगंतुकों के लिए खानपान की भी विशेष व्यवस्था की गई है। इस प्रकार मेला आध्यात्मिक चेतना, ज्ञान-विज्ञान, कला, संस्कृति और मनोरंजन के साथ पारिवारिक मेल-मिलाप का भी विशेष अवसर प्रदान करेगा।
सुभारती विश्वविद्यालय का पांचवां बुद्ध मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, बौद्ध दर्शन, आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों को प्रोत्साहित करने का व्यापक मंच है। यह आयोजन विभिन्न वर्गों के लोगों को एक सूत्र में जोड़ते हुए भगवान बुद्ध के शांति, सद्भाव, भाईचारे और विश्व कल्याण के संदेश को समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा


