
- ‘रचना’ अभियान के तहत गुरुग्राम के राजकीय माध्यमिक विद्यालय, घाटा में आयोजित हुआ प्रेरणादायक कार्यक्रम, 250 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
नित्य संदेश ब्यूरो
गुरुग्राम। विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से राजकीय माध्यमिक विद्यालय, घाटा, गुरुग्राम में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान ‘रचना’ के अंतर्गत प्रेरणादायक एवं शैक्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय पाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. शोभा गुप्ता ने ‘जय हिंद’ के उद्घोष के साथ किया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के उद्देश्यों से परिचित कराते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशभक्ति, नैतिकता, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने ‘जय हिंद’, ‘वंदे मातरम’ और ‘देश प्रथम-सदैव प्रथम’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
डॉ. शोभा गुप्ता ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित देश के महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि भारत की स्वतंत्रता अनेक वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को ‘देश प्रथम-सदैव प्रथम’ की भावना के अनुरूप अपने आचरण और व्यवहार का निर्माण करना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवन शैली के महत्व के बारे में भी बताया। साथ ही अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर श्री अमोद गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की आवश्यकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को एक विशेष संदेश देते हुए कहा कि वे अपने प्रत्येक जन्मदिवस पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे बड़ा करने की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से राष्ट्रीय चेतना, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए और अपनी सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम को रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं लगभग 250 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय चरित्र निर्माण के मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में ‘उन्मुक्त भारत’ के अंतर्गत राष्ट्रीय चरित्र निर्माण योजना प्रारंभ की गई है, जिसे ‘रचना’ नाम दिया गया है।
इस अभियान की तीसरी इकाई का शुभारंभ 8 दिसंबर 2025 को गुरुग्राम के राजकीय माध्यमिक विद्यालय, बहरामपुर में डॉ. अतुल कृष्ण की अध्यक्षता में किया गया था। अभियान की अन्य दो इकाइयां मेरठ एवं देहरादून में सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं।
गुरुग्राम में इस अभियान के अंतर्गत अब तक विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें 17 दिसंबर को राजकीय उच्च विद्यालय, उल्लाहवास, 25 फरवरी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कादरपुर, 22 अप्रैल को आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा 5 जुलाई को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कादरपुर में आयोजित कार्यक्रम प्रमुख हैं।
कार्यक्रम के अंत में श्री अमोद गुप्ता ने विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विजय पाल, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं सभी विद्यार्थियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन ‘आज़ाद हिंद गान’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।


