- ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ से इंडिया की भौंहें तनी, एनडीए में खामोश मुस्कान
लियाकत मंसूरी
नित्य संदेश, मेरठ। उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के लिए बिसात बिछनी शुरू हो गई है। इस बार मुकाबला सिर्फ एनडीए बनाम इंडिया गठबंधन का नहीं दिख रहा। असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने हाथ मिलाकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बना दिया है।
ओवैसी ने चंद्रशेखर को मोर्चे का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया है और 403 सीटों पर लड़ने का ऐलान कर दिया है। एलान होते ही लखनऊ से दिल्ली तक हलचल तेज हो गई है। NDA खेमे में खामोश मुस्कान है तो इंडिया गठबंधन की भौंहें तनी हुई हैं। इस मोर्चे की ताकत आंकड़ों में छिपी है। यूपी में करीब 20 फीसदी मुस्लिम और 21 फीसदी दलित आबादी है। मुस्लिम वोट का 143 सीटों पर सीधा असर है, तो करीब 100 सीटें दलित बहुल मानी जाती हैं। इसीलिए मोर्चे का फोकस पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक उन सीटों पर है, जहां मुस्लिम-दलित मिलकर नतीजा पलट सकते हैं। कुंदरकी, संभल, रामपुर, मेरठ, नगीना, कानपुर कैंट, मेहनगर, मछलीशहर, शाहगंज, बहराइच और श्रावस्ती जैसी सीटें इसी सूची में हैं।
अतीत कहता है – खाता नहीं खुला, पर खेल बिगाड़ा
2017 में AIMIM ने 38 सीटों पर लड़कर 0.2 फीसदी वोट पाए, 37 सीटों पर जमानत जब्त हुई। 2022 में 97 सीटों पर लड़कर भी खाता नहीं खुला, वोट शेयर 0.49 फीसदी रहा। चंद्रशेखर की पार्टी को 110 सीटों पर सिर्फ 0.13 फीसदी वोट मिले। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। 2022 में बिजनौर, नकुड़, कुर्सी, शाहगंज, सुल्तानपुर, औराई, फिरोजाबाद और मुरादाबाद नगर जैसी सीटों पर AIMIM के वोटों ने सपा की हार और भाजपा की जीत की वजह बनने का काम किया। और 2022 में ही 29 ऐसी सीटें थीं, जहां हार-जीत का अंतर 2000 से भी कम था। नकुड़ में 315, कुर्सी में 217, धामपुर में 203, बड़ौत में 315 वोट से फैसला हुआ था। ऐसे में एक छोटा सा वोट भी बड़ा उलटफेर कर सकता है।
नगीना ने बदली चंद्रशेखर की तस्वीर
2024 के लोकसभा चुनाव में चंद्रशेखर ने नगीना से 51.19 फीसदी वोट लेकर 1.51 लाख से ज्यादा मतों से जीत दर्ज की। 2019 में यह सीट जीतने वाली बसपा 2024 में सिर्फ 1.33 फीसदी पर सिमट गई। यही जीत मोर्चे को आत्मविश्वास दे रही है। मेरठ के निकाय चुनाव में भी AIMIM ने सबको चौंकाया था। मेयर चुनाव में पार्टी एक लाख से ज्यादा वोट लेकर दूसरे नंबर पर रही और सपा को तीसरे पर धकेल दिया था। 11 पार्षद भी जीते थे।
एक तरफ उम्मीद, दूसरी तरफ ‘बी-टीम’ का ठप्पा
मोर्चे के नेता इसे सरकार बदलने का संकल्प बता रहे हैं। पश्चिमी यूपी के AIMIM महासचिव मोहम्मद इंतेजार कहते हैं, “यह गठबंधन नहीं, संकल्प है। ओवैसी बड़े भाई हैं, चंद्रशेखर छोटे भाई।” वहीं सपा नेता डा. कयूम खान इसे छलावा बताते हैं। उनका कहना है कि ओवैसी सिर्फ गुमराह करते हैं और अब दलितों को भी गुमराह करने के लिए यह मोर्चा बनाया गया है। रालोद विधायक गुलाम मोहम्मद का मानना है कि इस मोर्चे से NDA को कोई नुकसान नहीं होगा, नुकसान इंडिया गठबंधन को ही होगा। रालोद नेता कंवलजीत सिंह कहते हैं कि अल्पसंख्यक समाज का हित रालोद में ही सुरक्षित है।
चाय की दुकान से लेकर लखनऊ तक एक ही चर्चा
दलित समाज के लोगों का कहना है कि ज्यादातर लोग आज भी मायावती को ही अपना नेता मानते हैं। वहीं AIMIM पार्षद फजल करीम कहते हैं, “यह गठजोड़ सभी के तिलिस्म को तोड़ेगा, 2027 में अच्छे परिणाम आएंगे।” सवाल साफ है – क्या यह मोर्चा दलित-मुस्लिम राजनीति का नया केंद्र बनेगा, या 2022 की तरह सिर्फ वोट काटकर बड़े दलों का खेल बिगाड़ने वाला साबित होगा? 2027 इसका जवाब देगा, लेकिन इतना तय है कि यूपी की लड़ाई अब दो नहीं, तीन ध्रुवों में बंटती दिख रही है।


