नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। श्री दिगम्बर जैन पंचायती मंदिर आनंदपुरी में जैन परम्परा अनुसार, सूर्योदय तिथि में कार्तिक कृष्ण अमावस्या के दिन देवाधिदेव श्री 1008 महावीर भगवान के मोक्ष कल्याणक का बड़ी धूमधाम से आयोजन किया गया।
इंद्रों द्वारा महावीर भगवान और चन्द्रप्रभु भगवान को पाण्डुक शिला पर विराजमान कर उनका जलाभिषेक किया गया। शांतिधारा का सौभाग्य सुनील जैन प्रवक्ता, सुधीर जैन, अचल जैन, विपिन जैन, अनन्तवीर जैन, प्रभात जैन, चैतन्य जैन को प्राप्त हुआ। तत्पश्चात देव शास्त्र गुरु, चन्द्रप्रभु भगवान, महावीर भगवान की पूजा की गई। मुनि श्री प्रणम्य सागर द्वारा रचित श्री वर्धमान महामंडल स्तोत्र विधान किया गया जिसमें माण्डले पर 64 अर्घ्य चढ़ाए गए।
दीपावली के दिन ही सराकोद्धारक आचार्य श्री ज्ञान सागर महाराज के 6वें समाधि दिवस पर उनकी जगमग दीपकों से आरती की गई। सभी धार्मिक क्रियाएं विधानाचार्य विवेक शास्त्री द्वारा संपन्न कार्य गईं। संगीतमय भजनों पर इंद्र इन्द्राणियों द्वारा भक्तिमय नृत्य किया गया। भगवान महावीर के निर्वाणोत्सव के उपलक्ष्य में 121 किलो खांड के लाडू अर्पित किये गये जिसमें 24 किलो का लाडू अरुण जैन अंशुल जैन मारुति प्रकाशन एवं 24 किलो का लाडू तरस चंद जैन, तरुण जैन, अग्रिम जैन कोयले वालों द्वारा चढ़ाया गया। सवा किलो के 26 लाडू, रत्नमय दीपक, श्रीफल, एवं जैन ध्वज के साथ इंद्र – इन्द्राणियों द्वारा चढ़ाए गए। अनुराग जैन नमक वालों द्वारा सपरिवार कार्यक्रम के उपरान्त प्रभावना बाँटी गई।
संध्या काल में सभी धर्मावलम्बियों द्वारा सामूहिक आरती की गई। इस कार्यक्रम के आयोजन में सुनील जैन प्रवक्ता, तरसचन्द जैन, श्रेयांश जैन, सतेन्द्र जैन, अनन्तवीर जैन, अभिषेक जैन, सौहार्द जैन, अनुराग जैन आदि का विशेष सहयोग रहा।


