नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। साकेत कॉलोनी में तेज रफ्तार वाहनों से बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर निवासियों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है।
निवासी डॉ. अनिल नौसरान ने प्लॉट संख्या D-104 एवं D-108 के मध्य मार्ग पर तेज गति से वाहनों के संचालन और सड़क पर अतिक्रमण के कारण हादसों की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि 8 नवंबर की शाम करीब 5:20 बजे तेज गति से आ रही कार की टक्कर से उनके पालतू कुत्ते कोको की मौके पर ही मौत हो गई। इससे पहले छह माह पूर्व भी उनके एक अन्य पालतू कुत्ते की इसी तरह मौत हो चुकी है।
डॉ. नौसरान ने मांग की है कि उक्त मार्ग पर दो स्पीड ब्रेकर, “दुर्घटना संभावित क्षेत्र – कृपया धीरे चलें” चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा सड़क से अनधिकृत पार्किंग एवं अतिक्रमण हटाया जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत क्षति का मामला नहीं है, बल्कि कॉलोनी के बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, पैदल चलने वालों और पालतू पशुओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर जनहित का विषय है।


