- सीसीएसयू में हेलीपैड का मंत्री सोमेंद्र तोमर ने किया निरीक्षण, आएंगे सीएम
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में निर्माणाधीन हेलीपैड का राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, हेलीपैड की मजबूती, आवागमन मार्ग, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बता दें, 14 नवंबर को कैंट स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में मेगा पूर्व सैनिक सम्मान रैली आयोजित होनी है, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसी को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भारतीय सेना के सूर्य कमांड की अगुवाई में पश्चिम उत्तर प्रदेश सब एरिया की ओर से आयोजित यह रैली शनिवार सुबह 11 बजे शुरू होगी। रैली में मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर सहित पश्चिमी यूपी के करीब 2500 से 3000 पूर्व सैनिक, वीर नारियां और बलिदानी सैनिकों की विधवाएं शामिल होंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में दोपहर करीब 12 बजे पहुंचेंगे और पूर्व सैनिकों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ मध्य कमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा भी मौजूद रहेंगे। रैली की अध्यक्षता पश्चिम उत्तर प्रदेश सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल सुमित राणा करेंगे।
एक ही छत के नीचे सुलझेंगी समस्याएं
रैली का उद्देश्य सिर्फ सम्मान नहीं, बल्कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान भी है। रैली में पेंशन, बैंकिंग, दस्तावेज, स्पर्श पोर्टल पर पंजीकरण, जीवन प्रमाणपत्र, कैंटीन, चिकित्सा व लैब सुविधा से जुड़े अधिकारियों के स्टॉल लगेंगे। पीसीडीए (पेंशन), बैंकों, डीपीडीओ और जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। सेवानिवृत्ति के बाद रोजगार के लिए आरएसबी, एडब्ल्यूपीओ लखनऊ और यूपीपीएसकेएनएल के प्रतिनिधि भी अवसरों की जानकारी देंगे।


