- 8 जिलों में नए जिला सैनिक कल्याण कार्यालयों का मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन
लियाकत मंसूरी
नित्य संदेश, मेरठ। क्रांतिधरा मेरठ, शनिवार को एक बार फिर इतिहास रचेगी। जिस मैदान से 1857 की क्रांति का बिगुल बजा था, उसी कुलवंत सिंह स्टेडियम में मेगा पूर्व सैनिक सम्मान रैली का आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कुलवंत सिंह स्टेडियम सिर्फ एक मैदान नहीं, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की जन्मभूमि है। यही वह ऐतिहासिक परेड ग्राउंड है, जहां 9 मई 1857 को चर्बी वाले कारतूस चलाने से इनकार करने वाले 85 भारतीय सिपाहियों का कोर्ट मार्शल कर उनकी वर्दी उतार ली गई थी। अगले ही दिन 10 मई 1857 को यही 85 सैनिक प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख सूत्रधार बने। मेरठ छावनी की स्थापना 1803 में लास्वारी की लड़ाई के बाद हुई थी। 1829 से 1920 तक यह ब्रिटिश भारतीय सेना के 7वें (मेरठ) डिवीजन का मुख्यालय रहा। आज यह भारत की सबसे बड़ी छावनियों में गिनी जाती है और पंजाब, सिख व डोगरा रेजिमेंट का अनुशासन केंद्र रही है। इसीलिए पूर्व सैनिकों के सम्मान के लिए इससे बेहतर जगह कोई और नहीं हो सकती थी – जहां 1857 में सैनिकों ने अपमान के खिलाफ बगावत की थी, वहीं 2026 में देश उनके सम्मान में सिर झुकाएगा।
कौन हैं पूर्व सैनिक?
पूर्व सैनिक वह व्यक्ति है, जिसने भारतीय थल सेना, नौसेना या वायुसेना में किसी भी रैंक में, लड़ाकू या गैर-लड़ाकू के रूप में सेवा की हो और पेंशन या ग्रेच्युटी के साथ सेवानिवृत्त हुआ हो। सेना की भावना है – ‘एक बार सैनिक, हमेशा सैनिक’। लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें पेंशन, स्पर्श पोर्टल पर पंजीकरण, जीवन प्रमाणपत्र, बैंकिंग, दस्तावेज, कैंटीन, चिकित्सा सुविधा और दोबारा रोजगार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
वीर नारियां: देश की असली वीरांगनाएं
सेना की भाषा में युद्ध या सैन्य अभियान में देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले सैनिक की विधवा को ‘वीर नारी’ कहा जाता है। ये महिलाएं अपने पति की शहादत को संजोती हैं। रैली में वीर नारियों और बलिदानी सैनिकों की विधवाओं का विशेष सम्मान किया जाएगा। उनकी समस्याओं पर अलग से ध्यान दिया जाएगा, ताकि उन्हें कल्याणकारी सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े। रैली के बाद दोपहर के भोजन की भी व्यवस्था की गई है।
8 जिलों को मिलेंगे नए सैनिक कल्याण कार्यालय
इस अवसर पर 8 जिलों में नए जिला सैनिक कल्याण कार्यालयों का उद्घाटन भी होगा, जिसमें ट्रांजिट हाउसिंग की सुविधा मिलेगी। ‘शौर्य परिसर’ विकसित करने और ‘एक ब्लॉक, एक सैनिक’ प्रस्ताव की भी जानकारी दी गई, जिसके तहत पूर्व सैनिक युवाओं को ट्रेनिंग देंगे। कुल मिलाकर यह रैली सिर्फ भाषणों के लिए नहीं, बल्कि एक संदेश है – जो देश के लिए लड़ा, देश उसके लिए खड़ा है।


