
नित्य संदेश ब्यूरो
मोदीपुरम। प्रसार निदेशालय के सभागार में आज ‘छिलका रहित जौ की खेती, मूल्य संवर्द्धन और स्वास्थ्य आधारित उद्यमिता विकास’ विषय पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद – भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल के वैज्ञानिकों द्वारा एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधीन संचालित समस्त कृषि विज्ञान केंद्रों के गृह विज्ञान व सस्य विज्ञान विषय के विषय विशेषज्ञों, विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों तथा शोध छात्र-छात्राओं सहित कुल 70 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय कुलपति महोदय द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय के कुलसचिव, निदेशक शोध, निदेशक आई.यू.ए.सी., निदेशक सेवायोजन और कृषि के पूर्व अधिष्ठाता डॉ. एन.एस. राणा ने भाग लिया। उन्होंने विश्वविद्यालय तथा भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल की इस पहल की सराहना करते हुए, प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे छिलका रहित जौ की गुणवत्ता और उसके लाभों से विश्वविद्यालय के कार्यक्षेत्र के सम्मानित किसानों को अवगत कराएं।तकनीकी सत्र में भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल के निदेशक डॉ. आंबेवीर सिंह ने छिलका रहित जौ में उपलब्ध पौष्टिक गुणों और अपने दैनिक आहार में जौ को शामिल करने से विभिन्न बीमारियों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यवाहक निदेशक प्रसार डॉ. मुकेश कुमार ने स्वागत संबोधन में गन्ना आधारित फसल चक्र में गेहूं के स्थान पर जौ की खेती और थाली में जौ के समावेश पर विशेष बल दिया।करनाल से आए वैज्ञानिकों में डॉ. लोकेंद्र कुमार ने जौ की प्रजातियों पर, डॉ. रविंद्र शेखावत ने जौ की खेती से होने वाले आर्थिक लाभ पर और डॉ. ओ.पी. गुप्ता ने माल्ट जौ की गुणवत्ता एवं इससे बनने वाले पेय पदार्थों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरिओम कटियार द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. पी.के. सिंह ने किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. एस.एस. लोधी, डॉ. एस.एस. त्रिपाठी, वी.पी. सिंह, राजीव भरयला, रूपेंद्र और सतीश कुमार का विशेष योगदान रहा।


