नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से शनिवार को सेंट जोसफ गर्ल्स इंटर कॉलेज, सरधना में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में जिला विज्ञान क्लब, मेरठ की ओर से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन’ रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विज्ञान क्लब, मेरठ के अध्यक्ष एवं मुख्यालय विज्ञान संचारक दीपक शर्मा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि दीपक शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत बदलते पर्यावरण के प्रति जागरूकता तथा ई-कचरे के दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग, कचरे के उचित निस्तारण, पर्यावरण प्रदूषण और स्वच्छता जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा। इसके साथ ही छात्राओं की रचनात्मकता और प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए भाषण, काव्यपाठ, रंगोली, सैंड आर्ट एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभास्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन विषय पर आयोजित काव्यपाठ प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कविताओं के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। प्रतियोगिता में गीत वर्मा (कक्षा 12-C) ने प्रथम, नशरा (कक्षा 12-C) ने द्वितीय तथा अंशा (कक्षा 10-A) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने रंगों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए। इसमें कक्षा 11-C ने प्रथम, कक्षा 12-A ने द्वितीय तथा कक्षा 12-B ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने विचारों और प्रभावशाली वक्तव्य के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवन के महत्व को रेखांकित किया। इसमें अफरीन (कक्षा 11-A) ने प्रथम, अमना अहमद (कक्षा 8-B) ने द्वितीय तथा नशरा (कक्षा 11-C) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं मतदाता जागरूकता विषय पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में नेहा त्यागी (कक्षा 12-A) ने प्रथम, कक्षा 12-C की छात्रा ने द्वितीय तथा आयशा (कक्षा 12-C) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सैंड आर्ट प्रतियोगिता में कक्षा 10-B ने प्रथम, कक्षा 10-A ने द्वितीय तथा कक्षा 12-B ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्राओं ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से जागरूकता के संदेशों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि दीपक शर्मा द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेना भी अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने मुख्य अतिथि का सम्मान करते हुए कार्यक्रम की सराहना की तथा छात्राओं को भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षिक एवं जागरूकता गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन और जागरूक समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।


